वन विभाग ने शहर में समुद्री जीव व्हाइट कोरल (सफेद मूंगा) की तस्करी का पर्दाफाश किया है। शनिवार को साकची स्थित होटल विराट में छापेमारी कर 3 किलो व्हाइट कोरल बरामद किया गया। इसकी बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपए है। वन विभाग ने चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में पश्चिमी सिंहभूम का कुसमुंडा निवासी हरिचरण गोप, रांची रंगामाटी का दीपक कुमार महतो, रांची के मांडर निवासी प्रमोद कैवर्त और धुर्वा के अभय कुमार शामिल हैं। व्हाइट कोरल की तस्करी के पीछे बड़े गिरोह का हाथ होने की आशंका है। व्हाइट कोरल का इस्तेमाल महंगी दवाओं, आभूषणों और सजावटी वस्तुओं के निर्माण में किया जाता है।


