जमशेदपुर से लापता व्यवसायी का बेटा बरामद:जमशेदपुर पुलिस ने सुबह 4:30 बजे परिवार को सौंपा, परिजनों ने ली राहत की सांस

जमशेदपुर शहर के चर्चित उद्यमी और एसिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के अपहृत पुत्र कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। करीब 13 दिनों तक लापता रहने के बाद मंगलवार, 14वें दिन सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित बरामद किया। जानकारी के मुताबिक उसकी बरामदगी हजारीबाग-बिहार बॉर्डर इलाके से की गई है। पुलिस उसे बरामद कर सीधे उनके आवास पर परिवार के हवाले कर दिया। बेटे को सकुशल देख परिजनों ने राहत की सांस ली। इस दौरान घर पर सीमित लोगों की मौजूदगी रही। अभी तक किसी तरह का सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया। पुलिस की ओर से भी फिलहाल बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। 13 जनवरी से था लापता, शहर में होती रही चर्चा 13 जनवरी को कैरव गांधी के अचानक लापता होने की खबर से पूरे जमशेदपुर में सनसनी फैल गई थी। राजनीतिक, व्यवसायिक और सामाजिक हलकों में इस घटना को लेकर लगातार चर्चा और चिंता बनी हुई थी। परिजनों ने भी विभिन्न माध्यमों से कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी की अपील की थी। जिस तरह रहस्यमयी परिस्थितियों में कैरव गांधी लापता हुए थे, लगभग उसी तरह रहस्यमयी हालात में उनकी वापसी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच अभी भी जारी है और बरामदगी से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि के बाद ही पूरे मामले को सार्वजनिक किया जाएगा। दो दिन पहले डीजीपी पहुंचीं थीं जमशेदपुर दो दिन पूर्व राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंची थीं। उन्होंने कैरव गांधी से जुड़े मामले की जानकारी ली थी। हालांकि, जमशेदपुर के पुलिस कप्तान ने इसे रूटीन वर्क बताया था। इससे पहले पुलिस ने कैरव गांधी की कार चांडिल के कांदरबेड़ा क्षेत्र से बरामद की थी। कैरव गांधी कहां थे, किन परिस्थितियों में रहे और आखिर उन्हें कैसे बरामद किया गया- इन सभी सवालों के जवाब अभी बाकी हैं। शहरवासियों की निगाहें अब कैरव गांधी के परिवार और पुलिस प्रशासन के आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
इस खबर को पढ़ें…..
जमशेदपुर से उद्योगपति का बेटा लापता:25 लाख कैश लेकर निकला, झाड़ियों में मिली कार, अपहरण की आशंका जमशेदपुर से एक कारोबारी परिवार के युवक के लापता होने से शहर में हड़कंप मच गया है। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 साल के बेटे कैरव गांधी मंगलवार दोपहर घर से निकलने के बाद लापता हो गए। परिजनों के मुताबिक कैरव दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच अपनी क्रेटा कार से घर से निकले थे। खास बात यह है कि कैरव ने बैंक ऑफ इंडिया से करीब 25 लाख रुपए कैश निकालकर निकले थे। करीब एक घंटे बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद शाम करीब पांच बजे बिष्टुपुर थाने में युवक के लापता होने की सूचना दी गई। युवक के पास बड़ी रकम होने के कारण परिजन और पुलिस दोनों अपहरण की आशंका जता रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *