सिटी रिपोर्टर | भिलाई भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने जमीन की खरीदी-बिक्री के लिए जारी नई दरों को लेकर उपवास रखकर विरोध जताया। विधायक गांधी चौक दुर्ग में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं के साथ दिनभर प्रदर्शन करते बैठे रहे। उन्होंने सरकार के तुगलकी फरमान के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिक और व्यापारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज और कार्रवाई की निंदा की। विधायक यादव ने साय सरकार की निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल में इस सरकार ने केवल जनता की जेब से पैसा निकालने की योजना बनाई है। पहले इन्होंने बिजली बिल में 50% की छूट को बंद कर आम लोगों की जेब से पैसा निकालने की नीति बनाई। फिर जमीन की कलेक्टर गाइड लाइन की दर में 10 फीसदी से लेकर 800 गुना तक वृद्धि कर जमीन के व्यापार को खत्म करने का प्रयास किया गया है। देवेंद्र ने कहा कि भाजपा सरकार के इस फैसले से न सिर्फ जमीन का कारोबार खत्म हो जाएगा, बल्कि गरीब किसानों और मध्यमवर्गीय परिवार की जमीन खरीदकर मकान बनाने का सपना भी टूट जाएगा। कांग्रेस सरकार में जनता को राहत देने स्टांप, ड्यूटी शुल्क और पंजीयन शुल्क में 30 प्रतिशत की कटौती कर राहत दी थी, भाजपा सरकार को आम लोगों की यह खुशी रास नहीं आई। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अरूण वोरा, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, नीता लोधी आदि मौजूद रहे।


