जमीन दिलाने के नाम पर मृत आरक्षी की पत्नी से 70 लाख रुपए की ठगी

क्राइम रिपोर्टर | रांची तुपुदाना के देवगाई गांव की रहने वाली सुमी लिंडा ने जमीन दिलाने के नाम पर 70 लाख 41 हजार 630 रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। महिला ने तुपुदाना ओपी में शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया है कि उनके पति सुरेंद्र लिंडा खरसावां जिला बल में आरक्षी पद पर पदस्थापित थे। वर्ष 2020 में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। सुमी अपनी बच्ची के साथ देवगाई में रहती हैं। सुमी का अपनी ननद रोशिमा केरकेट्टा के घर आना-जाना था। वहीं, गोपाल लोहरा से मुलाकात हुई। उसने खुद को जमीन कारोबारी बताया। सुमी के अनुसार, उन्होंने अपनी बच्ची के लिए तुपुदाना रिंग रोड के पास जमीन लेने की बात कही। गोपाल ने भरोसा दिलाया कि वह जमीन दिला देगा। मई 2023 में वह सुमी के घर आया और पैसे की मांग की। सुमी ने पासबुक और पति का डेथ इंश्योरेंस (एमआईसी) दिखा दिया। सितंबर 2023 से 2024 तक सुमी ने नगद, चेक, अपने खाते और महिला समिति से पैसे लेकर गोपाल को कुल 46 लाख 81 हजार 961 रुपए दिए। इसके अलावा पति के डेथ इंश्योरेंस का 23 लाख 60 हजार 540 रुपए भी गोपाल ने छल से निकाल लिया। इस तरह कुल 70 लाख 41 हजार 630 रुपए की ठगी की गई। सुमी ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में गोपाल ने उनके घर से एक कार और एक मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली। आरोप है कि सुमी ने कई बार गोपाल से फोन पर संपर्क किया, वह हर बार टालता रहा। कहता था कि जमीन नहीं दे पाए तो पैसा, कार और मोटरसाइकिल लौटा देगा। सुमी अपने परिवार के साथ गोपाल के घर भी गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। कार और मोटरसाइकिल भी नहीं मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *