जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों में खूनी संघर्ष:ग्वालियर में भाई और पिता पर कुल्हाड़ी से हमला; चाचा ने लाठियों से पीटा

ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के कोने का पुरा गांव में बुधवार को जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। बड़े भाई कल्लू बघेल ने छोटे भाई भानू बघेल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पिता सियाराम बघेल को भी चोटें आईं। दोनों घायलों का इलाज जेएएच में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, कल्लू और भानू के बीच कुछ समय से जमीन बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा था। बुधवार को कल्लू छोटे भाई के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। उसने भानू की पत्नी अवधा बघेल को भी भला-बुरा कहा। शोर सुनकर पिता सियाराम पहुंचे और कल्लू को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कल्लू गुस्से में आ गया और कुल्हाड़ी से भानू के सिर पर वार कर दिया। भानू को बचाने आए पिता पर भी उसने हमला किया। आरोप है कि कल्लू का चाचा केशव बघेल भी वहीं आ गया और उसने लाठियों से सियाराम को मारा। घटना की सूचना मिलने पर तिघरा पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन घायलों को जेएएच ले जा चुके थे। तिघरा थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंसाना ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से हैं और जमीन विवाद के कारण मारपीट हुई है। घायलों के बयान के आधार पर पुलिस ने कल्लू बघेल और उसके चाचा केशव बघेल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *