सरायकेला जिले के रंगपुर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़बिल चौक के पास खेत में काम कर रहे लक्ष्मण हेंब्रम की उनके सौतेले भाइयों ने पत्थर से हत्या कर दी। लक्ष्मण अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान जमीन विवाद में पहले से उलझे उनके दो सौतेले भाई वहां पहुंचे। शुरू में हुई बहस झगड़े में बदल गई। दोनों भाइयों ने मिलकर लक्ष्मण पर पत्थरों से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने लक्ष्मण को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता ने कर रखी है तीन शादियां मृतक लक्ष्मण उनके पिता की पहली पत्नी के बेटे थे। आरोपी भाई दूसरी और तीसरी पत्नी से हैं। पिता की तीन शादियों से कई सौतेले भाई हुए। खेती की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत बैठी, लेकिन जमीन का बंटवारा नहीं हो पाया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए हैं। उनकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।