पलामू में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सभी बीडीओ और सीओ को अपने क्षेत्र में निगरानी रखने का निर्देश दिया। नदी किनारे बसे गांवों के लिए सुरक्षित स्थान चिह्नित किए गए हैं। प्रभावित परिवारों को वहां शरण दी जाएगी। शहर में जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए सहायक नगर आयुक्त को विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है। टीम मोटर पंप से पानी निकासी करेगी। पेड़ गिरने की स्थिति से निपटने की व्यवस्था भी की गई है। एसपी रीष्मा रमेशन के अनुसार, नदी किनारे न जाने की चेतावनी दी जा रही है। इसके लिए अनाउंसमेंट किया जा रहा है। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डेंगू और चिकनगुनिया से निपटने की तैयारी सिविल सर्जन को डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सांप काटने पर अंधविश्वास के कारण होने वाली मौतों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में विभिन्न आपदाओं से प्रभावित लोगों को सहायता राशि की स्वीकृति दी गई। वज्रपात से मृत 9 लोगों के परिजनों को 36 लाख, नदी में डूबने और सर्पदंश से मृत 12 लोगों के परिजनों को 48 लाख तथा सड़क दुर्घटना में मृत 41 लोगों के परिजनों को 41 लाख रुपए की मंजूरी दी गई।


