जांजगीर | बलौदा पुलिस ने जमीन विवाद में हुई मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र प्रसाद रात्रे (50 वर्ष), रितेश रात्रे (24 वर्ष), जयनारायण रात्रे (21 वर्ष, निवासी रोहीदास मोहल्ला, बलौदा) और नीरज मिरी (19 वर्ष, निवासी रिस्दा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर) शामिल हैं। पीड़िता ने 3 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम लगभग 6:30 बजे जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके घर के सामने गाली-गलौज की। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पुलिस ने 14 जनवरी को आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।


