जयपुर-किशनगढ़ एक्सप्रेस-वे पर कमला नेहरू नगर पुलिया के पास बने फ्लाइओवर को आज से शुरू कर दिया गया। इस फ्लाइओवर के शुरू हाेने से इस पुलिया के पास हमेशा लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिली। वहीं कमला नेहरू नगर और उससे लगती एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनी के करीब 25 हजार से ज्यादा लोगों को इसका सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। वहीं, किशनगढ़ से जयपुर शहर में जो ट्रेफिक आ रहा है, उसके 15 मिनट का समय और बचेगा। पहले यहां आधा किलोमीटर से भी ज्यादा लम्बा जाम सुबह-शाम लगता था। अभी इन लोगों को एक्सप्रेस-वे को पुलिया के नीचे कट से पार करना पड़ता था, लेकिन यहां हैवी ट्रैफिक (किशनगढ़ से जयपुर आने वाले वाहन) के कारण लम्बा जाम रहता था। इस कारण लोगों को इस पुलिया को पार करके मानसरोवर, गोपालपुरा की तरफ जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती थी। आज नई पुलिया के शुरू होने के बाद अब यहां सर्विस लेन खाली हो गई और अब ट्रेफिक का मूवमेंट आसान हो गया। किशनगढ़ से जयपुर आने वाला हैवी ट्रेफिक अब नए फ्लाइओवर से होकर गुजर रहा है, जिसके कारण इस पुलिया के नीचे बने कट पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगभग खत्म हो गई। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक इस तीन लेन के फ्लाइओवर को बनाने में करीब 8.34 करोड़ रुपए का खर्चा आया है। ये करीब 600 मीटर लम्बाई में है। 15 मिनट से ज्यादा समय तक करना पड़ता था इंतजार एनएचएआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस फ्लाइओवर के नीचे बने कट को पार करने में पहले 15 मिनट से 25 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था। कट पर किशनगढ़ की तरफ करीब 500 से 700 मीटर दूरी तक ट्रैफिक जाम रहता था। इस फ्लाइओवर के बनने से अब किशनगढ़ से जयपुर शहर में आने वाले वाहन चालकों का 15 मिनट का समय बचेगा। पूरे एक्सप्रेस-वे पर 10 फ्लाइओवर बनने है नेशनल हाइवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस एक्सप्रेस-वे पर 10 अलग-अलग जगह पर हाइवे बनाने का काम साल 2021 के आखिरी से शुरू करवाया था। इसमें ये 9वां फ्लाइओवर है, जो आज बनकर पूरा हुआ है। 10वां फ्लाईओवर भांकरोटा में निर्माणाधीन है, जिसका काम मार्च-अप्रैल तक पूरा करने की बात कही जा रही है। इन जगहों पर बने 8 अन्य फ्लाईओवर जयपुर-किशनगढ़ एक्सप्रेस-वे पर NHAI ने पिछले एक साल में 8 फ्लाईओवर बनाकर शुरू किए है। इसमें नर्सिंगपुरा, दहमीकलां, महलां, सावरदा, गाडोता, मोखमपुरा, पड़ासोली और बांदर सिंदरी में फ्लाईओवर बनाए गए है। इन सभी पोइंट्स को एनएचएआई ने ब्लैक स्पॉट की लिस्ट में डाल रखा था।


