जयपुर एयरपोर्ट:चंडीगढ़ से आई फ्लाइट पहली कोशिश में नहीं उतर सकी, 15 मिनट बाद हुई लैंडिंग, हर माह 3-4 बार रनवे ऑब्सटेकल

जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को चंडीगढ़ से आ रही एक फ्लाइट पहली बार में लैंड नहीं हो सकी। पायलट ने रनवे टचडाउन के दौरान गो-अराउंड किया और करीब 15 मिनट बाद दूसरे प्रयास में फ्लाइट सुरक्षित उतारी गई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार मामला इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई-7719 का है। यह फ्लाइट चंडीगढ़ से जयपुर पहुंच रही थी। दोपहर करीब 1:58 बजे पायलट ने लैंडिंग के लिए अप्रोच किया, लेकिन रनवे पर टचडाउन करते समय दोबारा टेक-ऑफ करना पड़ा। इसके बाद गो-अराउंड कर दूसरे प्रयास में 2:15 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। सूत्रों की मानें तो लैंडिंग में परेशानी की वजह रनवे ऑब्सटेकल (बाधा) रही। जयपुर एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार रनवे झालाना जंगल क्षेत्र के पास है, ऐसे में कई बार सियार, लेपर्ड, पक्षी या सांप रनवे पर आ जाते हैं। पायलट अगर किसी भी तरह की बाधा देखते हैं तो सुरक्षा कारणों से लैंडिंग या टेक-ऑफ रोक दिया जाता है और इसकी सूचना एटीसी को दी जाती है। इसके बाद रनवे मॉनिटरिंग व्हीकल बाधा हटाता है। एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रक्रिया सुरक्षा के लिहाज से जरूरी होती है। औसतन हर माह 3-4 बार जयपुर एयरपोर्ट पर इस तरह की स्थिति बनती है, जब फ्लाइट को गो-अराउंड करना पड़ता है। बेलगाम फ्लाइट का समय बदला जयपुर से बेलगाम जाने वाली फ्लाइट के समय में बदलाव किया है। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार स्टार एयर की फ्लाइट S5-170 अब शाम की बजाय सुबह संचालित होगी। पहले यह फ्लाइट शाम 7:15 बजे जाती थी, अब यह तड़के 5:15 बजे जयपुर से बेलगाम के लिए रवाना होगी। जयपुर-अहमदाबाद फ्लाइट रद्द, कई उड़ानें डायवर्ट खराब मौसम और परिचालन कारणों से जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन भी प्रभावित रहा। इंडिगो की जयपुर-अहमदाबाद फ्लाइट 6ई-7031 (दोपहर 1:25 बजे) और अहमदाबाद-जयपुर फ्लाइट 6ई-7523 (शाम 5:05 बजे) रद्द रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। कई फ्लाइट जयपुर डायवर्ट खराब मौसम के कारण कई फ्लाइट जयपुर डायवर्ट करनी पड़ीं। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की रांची-दिल्ली फ्लाइट IX-1056, थाई एयरवेज की बैंकॉक-दिल्ली फ्लाइट TG-331, इंडिगो की अबूधाबी-चंडीगढ़ फ्लाइट 6ई-1440 और मुंबई-चंडीगढ़ फ्लाइट शामिल हैं। सोमवार देर रात भी रांची-दिल्ली फ्लाइट को दिल्ली में लैंडिंग न मिलने पर जयपुर डायवर्ट किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *