जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बार फिर फ्लाइट्स शेड्यूल गड़बड़ा गया है। इससे पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ में मौसम खराब होने से जहां शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइन ने चंडीगढ़ की 2 फ्लाइट को कैंसिल कर दिया है। वहीं मुंबई और दुबई की फ्लाइट अपने निर्धारित वक्त पर उड़ान नहीं भर पाई। इंडिगो की जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E-7742 को लगातार चौथे दिन रद्द कर दिया गया। यह फ्लाइट रोजाना सुबह 5:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होती है। फ्लाइट रद्द होने से सुबह यात्रा करने वाले यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ा। साथ ही इंडिगो की जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली रात 8:45 बजे की फ्लाइट संख्या 6E-7414 को भी कैंसिल कर दिया गया। एक ही रूट की दो फ्लाइट्स रद्द होने से चंडीगढ़ जाने वाले पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुबई जाने वाली फ्लाइट हुई लेट
स्पाइसजेट की इंटरनेशनल फ्लाइट SG-57 जयपुर से सुबह 9:40 बजे दुबई के लिए रवाना होनी थी, वह देरी से उड़ान भर सकी। यह फ्लाइट सुबह 10:30 बजे के बाद दुबई के लिए रवाना हुई। इससे दुबई जाने वाले पैसेंजर्स को भी इंतजार करना पड़ा। इसी तरह इंडिगो की जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E-251 भी लेट रही। यह फ्लाइट सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर रवाना होनी थी, लेकिन करीब तीन घंटे की देरी से दोपहर 2 बजे मुंबई के लिए उड़ान भर सकी। मुंबई जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्री बोले- समय पर नहीं मिलती जानकारी
जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के कैंसिल और लेट होने से पैसेंजर्स में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पैसेंजर्स ने कहा- उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे उनका ट्रैवल प्लान प्रभावित हो रहा है। हालांकि एयरलाइंस की ओर से पैसेंजर्स को वैकल्पिक फ्लाइट और रिफंड की सुविधा देने की बात कही जा रही है, लेकिन लगातार हो रही परेशानी से पैसेंजर्स काफी परेशान हैं।


