राजस्थान में फ्लाइट शेड्यूल लगातार बिगड़ता जा रहा है। जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले एक सप्ताह में 100 से अधिक फ्लाइटों के रद्द होने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है। सोमवार को भी यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि जयपुर आने-जाने वाली कई फ्लाइटें अचानक रद्द कर दी गईं। सोमवार को जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए अपनी 11 फ्लाइटें रद्द कर दीं। इनमें 10 फ्लाइट इंडिगो की हैं, जबकि दिल्ली से जयपुर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX – 2843) भी शामिल है। इन फ्लाइट के रद्द होने से जयपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु जैसे शहरों के यात्रियों को खासा इंतजार और असुविधा झेलनी पड़ रही है। जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की 6 फ्लाइटें रद्द की गई हैं। एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय तकनीकी और शेड्यूल व्यवस्थाओं के चलते लिया गया, जिसे जल्द भविष्य में सुधार लिया जाएगा। वहीं जयपुर एयरपोर्ट पर लगातार फ्लाइट रद्द होने से फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को मजबूरन नई फ्लाइट बुक करनी पड़ी या अगले उपलब्ध विकल्प का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एयरलाइंस पर समय पर जानकारी न देने और खराब ग्राहक सेवा का आरोप लगाया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। बता दें कि पिछले सात दिनों में जयपुर एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा फ्लाइटें रद्द और दर्जनों देरी से संचालित हुई हैं। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, इसका कारण एयरलाइंस की क्रू की कमी, ऑपरेशनल गड़बड़ी और तकनीकी समस्याएं हैं, जिसे दुरुस्त होने में फिलहाल थोड़ा वक्त लग सकता है। वहीं एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर पर चेक कर लें, ताकि आखिरी समय की परेशानी से बचा जा सके।


