जयपुर की ज्वैलरी शॉप में बदमाशों के घुसने का मामला सामने आया है। दीवार तोड़कर शॉप में घुसे बदमाश लाखों रुपए कीमत के गहने-कैश चोरी कर ले गए। नारायण विहार थाना पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ चोरों की तलाश कर रही है। ASI रामकरण ने बताया- लवकुश नगर-फर्स्ट नारायण विहार निवासी मनोज कुमार सोनी (45) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मांग्यावास रोड पर उनकी मां कृपा ज्वैलर्स के नाम से शॉप है। बुधवार रात को वह रोज की तरह रात करीब 9 बजे शॉप को लॉक कर स्टाफ के साथ घर चले गए। देर रात बदमाशों ने चोरी की नीयत से ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाया। शॉप के जीने के नीचे की दीवार तोड़कर बदमाशों ने अंदर एंट्री की। शॉप के अंदर घुसे बदमाश लाखों रुपए कीमत के गहने-कैश चोरी कर उसी रास्ते से फरार हो गए। अगले दिन सुबह शॉप ओपन करने पर अंदर सामान बिखरा मिलने के साथ दीवार टूटी मिली। चोरी का पता चलने पर नारायण विहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए।


