अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में जयपुर (राजस्थान) की एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस युवक को रौंदते हुए आगे निकल गई, जिसके कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बस को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। बस चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और उसके परिजनों को सूचना दी है। मथुरा का रहने वाला था युवक पुलिस के अनुसार मथुरा के गांव बब्बीपुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र परमानंद मंगलवार को निजी काम से मथुरा से अलीगढ़ आए थे। अपना काम निपटाने के बाद वह मथुरा की ओर वापस जा रहे थे। इगलास के मथुरा रोड स्थित बिसौली तिराहे के पास उन्हें बस ने टक्कर मार दी। जयपुर से सवारियां लेकर अलीगढ़ आ रही बस ने जब युवक को टक्कर मारी तो वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया, जिसके बाद बस ने युवक को रौंद दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों से तहरीर लेकर दर्ज होगा मुकदमा हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं युवक की बाइक को टक्कर मारने वाली बस को भी सीज कर दिया गया है। युवक के परिवार की ओर से अभी लिखित तहरीर नहीं दी गई है। सीओ इगलास एएसपी भांवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि बस की टक्कर के कारण युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार से तहरीर ली जा रही है, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


