जयपुर-कोटा में तापमान ने 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ा:राजस्थान के 5 शहरों में पारा 45 डिग्री पार; 7 जिलों में चली लू

राजस्थान में तेज गर्मी और लू (हीटवेव) का दौर है। शुक्रवार को 7 जिले लू की चपेट में रहे। 5 जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। जयपुर और कोटा में तापमान ने 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इन दोनों जिलों में 6 साल में अप्रैल माह का सर्वाधिक तापमान रहा। वहीं, आज सभी शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज हुआ। उधर, जैसलमेर में शुक्रवार को अचानक मौसम बदला। दोपहर बाद 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ आया। तेज अंधड़ के कारण लोगों को हीटवेव से हल्की राहत मिली मौसम विभाग ने 19 अप्रैल (शनिवार) को 7 जिलों में तेज गर्मी पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। 20 अप्रैल से प्रदेश में तेज गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। आज प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान चूरू और श्रीगंगानगर में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 45.2 और कोटा व टोंक में 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इनके अलावा हनुमानगढ़ और झुंझुनूं जिले भी लू की चपेट में रहे। जयपुर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा और जयपुर में आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दोनों ही शहरों में साल 2018 के बाद अप्रैल में इतना तापमान दर्ज हुआ। फलोदी में रही रात सबसे गर्म
कल (गुरुवार को) दिन के अलावा रात में भी कई शहरों में तेज गर्मी रही। कोटा और फलोदी में कल रात का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्म रात फलोदी में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा की दिशा बदलने से गर्मी से मिलेगी राहत
20 अप्रैल से हवाओं की दिशा बदलेगी और राजस्थान में पश्चिमी हवाओं की जगह उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने लगेगा। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी और लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने का अनुमान जताया है और तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *