जयपुर को एवीजीसी हब बनाने की मंजूरी:प्रदेश में एवीजीसी के 700 स्टार्टअप; इनोवेशन स्टूडियो बनेगा, शॉर्ट मूवी, एनिमेशन सीरीज के लिए मुंबई नहीं जाना होगा

प्रदेश के स्टार्टअप्स के लिए जयपुर रोबोटिक्स, कोडिंग, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स का हब बनने जा रहा है। जयपुर को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स (एवीजीसी) हब बनाने की वित्तीय मंजूरी मिल गई है। इसके बाद डीओआईटी ने अटल इनोवेशन स्टूडियो एवं एक्सेलरेटर (आईसा) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी सप्ताह इसके लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। झालाना स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज कैंपस की ई-गवर्नेंस बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर यह स्टूडियो बनाया जाएगा। करीब 70 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले इस स्टूडियो से अब प्रदेश के स्टार्टअप्स को शूटिंग और प्रोडक्शन के लिए मुंबई या अहमदाबाद जैसे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। यहां प्रोडक्शन हाउस में शॉर्ट मूवी, एनिमेशन सीरीज और डॉक्यूमेंट्री शूट किए जा सकेंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट-2024 में जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर में अटल इनोवेशन स्टूडियो बनाने की घोषणा की थी। फिलहाल जयपुर को हब बनाने की मंजूरी मिली है, जबकि अन्य तीन जिलों के प्रस्तावों को अभी स्वीकृति मिलना बाकी है। वहीं दिसंबर 2024 में प्रदेश में एवीजीसी-एक्सआर नीति भी लागू की जा चुकी है। डिजिटल कंटेंट और रोजगार को बढ़ावा
स्टूडियो बनने के बाद प्रोडक्शन हाउस में डिजिटल कंटेंट तैयार किया जा सकेगा। स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। डिजिटल स्टोरीटेलिंग की ट्रेनिंग मिलेगी। रोबोटिक्स किट, कोडिंग प्लेटफॉर्म और एआई टूल्स का व्यावहारिक अनुभव भी स्टार्टअप्स को मिलेगा। सुविधा नहीं होने से कई स्टार्टअप बाहर चले गए
डीओआईटी में प्रदेशभर से करीब 7,600 स्टार्टअप रजिस्टर्ड हैं। इनमें लगभग 700 स्टार्टअप एवीजीसी सेक्टर से जुड़े हैं। सुविधाओं के अभाव में कई स्टार्टअप बाहर चले गए थे, जिन्हें शूट और प्रोडक्शन के लिए मुंबई और अहमदाबाद जाना पड़ता था। स्टूडियो बनने से यह पलायन रुकेगा। ई-गवर्नेंस भवन में इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है
“स्टूडियो तैयार होने पर जयपुर एवीजीसी सेक्टर में हब बनेगा। ई-गवर्नेंस भवन में इसे बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। एवीजीसी-एक्सआर पॉलिसी और आईसा शुरू होने से स्टार्टअप्स को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।” -हिमांशु गुप्ता, आयुक्त, डीओआईटी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *