जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. (जयपुर डेयरी) ने आज से दूध के खरीद मूल्य में इजाफा किया है। आज से दुग्ध उत्पादकों से दूध 825 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से खरीदा जाएगा। पिछले दो माह में दूसरा मौका है, जब डेयरी ने दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की है। इससे करीब 1.50 लाख रजिस्टर्ड दुग्ध उत्पादकों (किसानों) को फायदा मिलेगा। वहीं, दूसरी तरफ दूध बेचने की कीमत में बढ़ावा हो सकता है। जयपुर डेयरी से जारी नई रेट लिस्ट के मुताबिक आज से पशु पालकों से दूध 800 रुपए के बजाए 825 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से खरीदा जाएगा। इसके अलावा डेयरी और राज्य सरकार से मिलने वाली 7 रुपए प्रति लीटर की अनुदान राशि (2 रुपए डेयरी बोनस और 5 रुपए मुख्यमंत्री संबल योजना ) का अलग से भुगतान होगा। इससे पहले जयपुर डेयरी ने मार्च के आखिरी में दूध के खरीद मूल्य में 50 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर में इजाफा किया था। दूध के बेचान मूल्य में भी हो सकती है बढ़ोतरी दूध की खरीद मूल्य में लगातार हो रही बढ़ोतरी और दूध की आवक में हो रही कमी को देखते हुए डेयरी प्रशासन दूध के बेचान मूल्य में भी परिवर्तन कर सकता है। जयपुर डेयरी की तरफ से पिछले साल अगस्त में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। पिछले एक-दो दिन में दूसरी डेयरी संघ जैसे अमूल, मदर डेयरी ने दूध की बेचान कीमतों में बढ़ोतरी की है। हालांकि बाजार में इन डेयरी का मिलने वाला दूध (अमूल, मदर डेयरी या अन्य) से अब भी सरस के दाम एक रुपए लीटर ज्यादा है।


