जयपुर फोटोग्राफर्स क्लब की फोटो एग्जीबिशन में दिखे कई रंग:6 देशों, 75 शहरों और 28 राज्यों के 107 प्रतिभाशाली फोटोग्राफर्स की फोटोग्राफ्स प्रदर्शित

जयपुर फोटोग्राफर्स क्लब (जेपीसी) की 12वीं वार्षिक फोटो एग्जीबिशन का जवाहर कला केंद्र में भव्य उद्घाटन हुआ। यह एग्जीबिशन फोटोग्राफी, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का भव्य उत्सव है, जिसमें 6 देशों, 75 शहरों और 28 राज्यों के 107 प्रतिभाशाली फोटोग्राफर्स की 215 फोटोग्राफ्स प्रदर्शित की जा रही हैं। एग्जीबिशन में विभिन्न विषयों जैसे- लैंडस्केप्स, वन्यजीव, पोर्ट्रेट्स, स्ट्रीट फोटोग्राफी, स्टार ट्रेल्स, ब्लैक एंड व्हाइट पोर्ट्रेट्स, फैशन, एब्सट्रैक्ट्स, लाइफस्टाइल और आर्किटेक्चर पर आधारित फोटोग्राफ्स शामिल हैं, जो कला प्रेमियों और फोटोग्राफर्स के लिए एक अविस्मरणीय दृश्यात्मक अनुभव प्रदान करेगा। जवाहर कला केंद्र की चतुर्दिक आर्ट गैलरी में आयोजित यह एग्जीबिशन आगंतुकों के लिए 22 दिसंबर 2024 तक सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी। एग्जीबिशन का उद्घाटन मुख्य अतिथि एयर कमोडोर, (सेवानिवृत्त) सत्येंद्र शर्मा की ओर से रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर राजस्थान पर्यटन, उपेन्द्र सिंह शेखावत, वरिष्ठ फोटोग्राफर और ज्वैलर, सुधीर कासलीवाल, अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल राइटर, धर्मेन्द्र कंवर, ललित मुसल और कमलजीत यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी सम्मानित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर रचनात्मकता और प्रेरणा के प्रतीक इस उत्सव का शुभारंभ किया। इसके अतिरिक्त, समारोह में राम चंद खुबानी, रमाकांत शारदा, अजय नायर, शिबू नायर, उर्वशी अग्रवाल, शेर बहादुर सिंह, जगदीप चोपड़ा, रोलिका सिंह, नैना, रौनक और अजय भी उपस्थित थे। जयपुर फोटोग्राफर्स क्लब के हेड और फाउंडर अनिल खुबानी ने क्लब की 14 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा, “2010 में जो सपना हमने देखा था, वह आज एक समृद्ध फोटोग्राफी कम्यूनिटी में बदल चुका है, जिसमें 10,000 से अधिक फोटोग्राफी प्रेमी शामिल हैं। ‘खुद से है मुकाबला’ के सिद्धांत पर चलते हुए, जेपीसी ने हमेशा से फोटोग्राफी की सीमाओं के पार करते हुए उसे भारत में नए तरीके से परिभाषित किया। यह एग्जीबिशन हमारे सदस्यों की समर्पण, रचनात्मकता और जुनून का प्रमाण है।” उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष की एग्जीबिशन में तीन अलग-अलग आकारों में प्रिंट्स प्रदर्शित किए गए हैं, जिसमें सबसे बड़ा आकार 30 इंच बाई 20 इंच है, जिससे दर्शकों को एक उन्नत दृश्य अनुभव प्राप्त होगा। उद्घाटन समारोह में लुक बुक 2024 का विमोचन भी हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों की फोटोग्राफ्स और उनके प्रोफाइल शामिल हैं। यह पुस्तक कलाकारों के रचनात्मक सफर और उनकी फोटोग्राफी की गहराई को दर्शाती है। इस आयोजन के दौरान जेपीसी कैलेंडर 2025 का 11वां संस्करण “वाईल्डलाइफ ऑफ इंडिया” थीम के साथ लॉन्च किया गया, जिसमें भारत के विविध वन्यजीवों की 12 अद्भुत तस्वीरें प्रदर्शित हैं। कैलेंडर के माध्यम से संरक्षण और कला के महत्व को उजागर किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *