जयपुर के अपार्टमेंट की पार्किंग से बाइक चोरी का मामला सामने आया है। गली में पैदल घूमकर बदमाशों ने रेकी करने के बाद मास्टर चाबी से लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। महज 35 सेकेंड में लॉक तोड़कर बाइक स्टार्ट कर चोरी कर ले गए। सोडाला थाना पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक चोर की तलाश कर रही है। हेड कॉन्स्टेबल राजाराम ने बताया- सीकर के अजीतगढ़ निवासी राकेश पारीक (28) की बाइक चोरी हुई है। वह 22-गोदाम स्थित नन्दपुरी गली नंबर-2 स्थित एक अपार्टमेंट में रहता है। 8 जनवरी को सुबह वह अलवर गया था। अपार्टमेंट की पार्किंग में उसकी बाइक खड़ी हुई थी। देर रात वापस लौटने पर पार्किंग में खड़ी बाइक गायब मिली। काफी ढूंढने पर भी बाइक के बारे में पता नहीं चल सका। पड़ोसी के लगे CCTV फुटेजों को खंगालने पर बाइक चोरी का पता चला। CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत
फुटेज चैक करने पर उसमें बाइक चोरों की करतूत कैद मिली। रात करीब 11 बजे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गली के कोने पर एक बदमाश बाइक लेकर खड़ा रहा। उसके दो साथियों ने गली में पहले घूमकर बाइक चोरी के लिए रेकी की। उसके बाद महज 35 सेकेंड में मास्टर चाबी से बाइक को लॉक तोड़ स्टार्ट कर ली। बाइक सवार साथियों के साथ उसकी बाइक भी पीछे-पीछे चोरी कर फरार हो गए। सोडाला थाने में पीड़ित बाइक ऑनर ने फुटेज के आधार पर मामला दर्ज करवाया।


