जयपुर में 15 जनवरी को होने वाली आर्मी डे परेड को लेकर आज आखिरी फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। इससे पहले 9 और 11 जनवरी को परेड की रिहर्सल की गई थी। 15 जनवरी को महल रोड (जगतपुरा) पर मुख्य आर्मी डे परेड आयोजित की जाएगी। हेलिकॉप्टर फ्लाई पास्ट के साथ रिहर्सल की शुरुआत हुई थी। इस दौरान 5 हेलिकॉप्टरों का काफिला परेड रोड के ठीक ऊपर से गुजरा। जिसमें अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर के साथ स्वदेशी हेलिकॉप्टर प्रचंड भी शामिल रहा। 15 जनवरी को होने वाली मुख्य परेड में मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी. के. सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी मौजूद रहेंगे। 1 जनवरी से चल रही प्रैक्टिस परेड के दौरान सेना के तय प्रोटोकॉल के अनुसार वीआईपी मूवमेंट, सलामी, मंच व्यवस्था और टाइमिंग को फॉलो किया जाएगा, जिसका अभ्यास मंगलवार की रिहर्सल में किया गया। सेना की ओर से 1 जनवरी से जगतपुरा की महल रोड पर प्रैक्टिस शुरू हुई थी। ट्रैफिक डायवर्ट रहा आज की आखिरी रिहर्सल और मुख्य परेड को देखते हुए महल रोड पर सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी तरह के सामान्य ट्रैफिक को बंद रखा गया। एनआरआई चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे तक किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं हुई। स्थानीय लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए समानांतर रूट्स से पहुंचते दिखाई दिए। ट्रैफिक डायवर्जन के तहत खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई चौराहा और अक्षय पात्र की तरफ जाने वाले वाहनों को हल्दीघाटी मार्ग और वीआईटी रोड की ओर डायवर्ट किया गया था। विधाणी चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल और अक्षय पात्र की ओर जाने वाले ट्रैफिक को केंद्रीय विहार मार्ग पर मोड़ा गया। यहां पार्क हुई गाड़ियां परेड देखने आने वाले आमजन के लिए पार्किंग की व्यवस्था हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग पर तय की गई। वहीं बसों की पार्किंग गोनेर रोड, वृंदावन होटल के पास, पूर्णिमा कॉलेज और जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी मार्ग पर की गई। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था अक्षय पात्र मंदिर के सामने रखी गई।


