जयपुर में ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ बड़ा एक्शन:ज्योतिष बनकर पुजा-पाठ के नाम पर ठगने वालों समेत 30 लोगों को किया गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया है। इसके तहत जयपुर वेस्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से ज्यादा बदमाशों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। इनमें तीन लोग ऐसे भी गिरफ्तार किए गए जो ज्योतिष बनकर ऑनलाइन लोगों को ठग रहे थे। पूजा-पाठ करने के नाम पर रुपए ले रहे थे। देर रात जयपुर कमिश्नरेट की सीएसटी, डीएसटी वैस्ट पुलिस यह ऑपरेशन किया। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया- साइबर अपराध की चुनौती को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने ऑपरेशन साइबर शील्ड चला रखा है। इसके तहत जयपुर वेस्ट जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोबाइल, लैपटॉप, इंटरनेट डोंगल सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जांच में मिले कागजों से करीब 30 करोड़ रुपए का लेनदेन का हिसाब मिला है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। ये लोग ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के साथ-साथ ऐप के माध्यम से लोगों को गैम खिलाते और लाखों रुपए लूटा करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस की अलग-अलग टीम बनाई। फिर एक्शन किया गया। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया- साइबर शील्ड अभियान के तहत एनसीआरबी, डिजिटल सूत्रों से मिली जानकारी के बाद करधनी, हरमाड़ा, बिंदायका, करणी विहार, भांकरोटा, बगरू थाना पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। बिंदायका, करधनी, कालवाड़ व हरमाड़ा में कुछ जगहों पर पुलिस ने रेड की। इस दौरान मौके पर से पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक ​उपकरण मिले। ये सामान बरामद किया गया इसमें मोनिटर, सीपीयू कीबोर्ड, माउस, लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एलईडी राउटर, स्वीच, नोटबुक, नकद, सिम कार्ड, चार्जर, एचडीएमआई केबल, एचडीएमआई कनेक्टर, पावर केबल जब्त की गई। इस जांच में अभी तक लगभग 30 करोड़ के फ्रॉड के सबूत मिले हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 135 बैंक अकाउंट, 64 यूपीआई आईडी, 20 एटीएम सीज करवा दिया गया हैं। पुलिस थाना करधनी टीम की कार्रवाई पुलिस थाना करधनी विहार क्षेत्र में बैंक अकाउंट की खरीद फरोख्त, साइबर फ्रॉड करने वालों को बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के संबंध में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कार्यवाही के दौरान भारी मात्रा में फर्जी अकाउंट मिले। इनका उपयोग साइबर फ्रॉड करने वाले कर रहे थे। इस पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से 4 लोगों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस थाना करणी विहार की कार्रवाई पुलिस थाना कालवाड़ ने करणी विहार क्षेत्र में ऑनलाइन फ्रॉड पर कार्रवाई की। यहां लोग ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग नामों से खुद के और अन्य लोगों के फर्जी आईडी बना रखे थे। जो एस्ट्रोलॉजिस्ट (ज्योतिष) बनकर लोगों की समस्याओं को हल करने का झांसा दे रहे थे। ऑनलाइन पुरुषों व महिलाओं से पूजा-पाठ करने के नाम से पैसा लिया जा रहा था। इस पर पुलिस ने मौके से 3 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस थाना हरमाड़ा की कार्रवाई पुलिस थाना हरमाड़ा ने क्षेत्र में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट व अन्य गेमों पर चल रहे सट्टे पर कार्रवाई की। यहां आरोपी ऑनलाइन गेमिंग साइट पर सट्टा विभिन्न आईडी की मदद से लगवा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस थाना बिंदायका की कार्रवाई बिंदायका थाना पुलिस ने क्षेत्र मे चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की। रेड के दौरान सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग साइट पर सट्टा खिलवा रहे थे। इस पर टीम ने मौके से 8 लोगों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस थाना भांकरोटा की कार्रवाई भांकरोटा थाना पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे आनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने इलाके में एक फ्लैट में दबिश दी। यहां पर बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज के साथ मिले। यहां से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *