जयपुर में एक कोचिंग टीचर का किडनैप कर 70 हजार रुपए लूटने का मामला सामने आया है। कार को लॉक कर बदमाशों ने पिस्तौल तान कोचिंग टीचर के साथ मारपीट की। धमकाया- चिल्लाया तो जान से मार देंगे। लूट की वारदात को अंजाम देकर हाईवे पर बदमाश उसे पटक कर फरार हो गए। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। SI श्याम प्रकाश ने बताया- टोंक के काली पलटन निवासी अहसान (35) के साथ वारदात हुई। वह टोंक फाटक स्थित लक्ष्मी मंदिर सिनेमा के पीछे इंस्टीट्यूट में टीचर की जॉब करता है। शनिवार रात करीब 7 बजे ऑफिस से निकलकर टोंक जाने के लिए दुर्गापुरा बस स्टेंड पर बस का इंतजार कर रहा था। कार लेकर आए युवक ने कोटा के लिए सवारी पूछी। टोंक के लिए पूछने पर ड्राइवर ने उसे बैठा लिया। दुर्गापुरा बस स्टेंड से ही दो लोग ओर कार में बैठ गए। दोनों लोग कार ड्राइवर से मिले हुए थे। पिस्तौल लगाकर बोले- किडनैप कर लिया है
रिंग रोड पहुंचकर सुनसान जगह कार मोड़ ली। पूछने पर एक ओर सवारी को बैठाने की कहा। आगे चलते ही कार में कंडेक्टर साइड बैठे युवक ने बाथरुम जाने की कहकर रुकवाया। कार रोकने पर उतरकर पीछे आकर बैठ गया। पिस्तौल निकालकर उसने सिर पर तान दी। कार को लॉक कर उसकी पीठ पर कोहनी से वार कर पीटने लगा। मारपीट कर उसका मोबाइल व पर्स छीन लिया। धमकाया- हमने तुझे किडनैप कर लिया है। चिल्लाया या भागने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। धमकाकर हाईवे पर पटका
धमकाते हुए एटीएम के पिन नंबर पूछ लिया। चोखी ढाणी रेस्टोरेंट के पास एटीएम कार्ड के जरिए 34 हजार रुपए निकाल लिए। एटीएम लिमिट पूरी होने पर 35 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। कोहनी से मारपीट कर धमकाया- पुलिस कंप्लेंट की तो मार देंगे। धमकाते हुए शिवदासपुरा हाईवे पर पटककर फरार हो गए। बदमाशों की कार के नंबर प्लेट भी हटी हुई थी। पुलिस दुर्गापुरा बस स्टेंड के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ कार सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।


