जयपुर के मानसरोवर थाना इलाके में डॉक्टर सुमित सोनी के नौकरों के साथ हुई 23 लाख रुपए लूट का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। वारदात में शामिल तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर 18 लाख 10 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। मानसरोवर थाना पुलिस का दावा है कि बाकी की राशि भी जल्द बदमाशों से रिकवर होगी। साथ ही लूट में शामिल अन्य बदमाशों को भी तलाश कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। डीसीपी साउथ दिगंत आनंद ने बताया- 19 फरवरी को मानसरोवर थाना इलाके में 23 लाख रुपए लूट कि वारदात हुई थी। बाइक सवार दो युवकों के साथ कार और बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने 23 लाख रुपए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित दयाल नोगिया व सीताराम की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पीड़ितों ने पुलिस को बताया था कि वह डॉक्टर सुमित सोनी के पास काम करते हैं। डॉक्टर के कहने पर वह 23 लाख रुपए मुहाना मंडी में राजू व पीएल प्रजापति को देने जा रहे थे। करीब साढ़े 10 बजे वह वैशाली नगर डॉक्टर के अस्पताल से निकले थे। 11 बजे वंदे मातरम सर्किल के पास कॉफी कलर की स्विफ्ट कार और बाइक सवार बदमाशों ने उन के साथ मारपीट कर पैसा लूटा। पीड़ितों के द्वारा दी गई जानकारी पर एक पुलिस टीम को लगाया गया। इस टीम ने पीड़ितों के द्वारा बताये गए रास्ते में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज चैक किए। टीम को कॉफी रंग की कार दोनों युवकों का पीछा करते हुए दिखाई दी। वारदात के बाद ये लोग मुहाना की तरफ भागे जिस पर टीम ने उनका पीछा करना शुरू किया। बदमाशों को शक हो गया और रूट बदल लिया। इस पर पुलिस टीम ने तकनीक के माध्यम से बदमाशों की लोकेशन ट्रैक कर लूट के मुख्य आरोपी करण उर्फ प्रधान और विशाल चौधरी उर्फ वकील को लूट की राशि के साथ पकड़ा। पकड़े गए बदमाशों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने लूट के मुख्य आरोपी मेघराज चौधरी को भी गिरफ्तार किया। साथ ही वाहन जप्त किया। 23 लाख रुपए लूट के तीन बदमाश गिरफ्तार 1 . करण सिंह यादव (24) पुत्र किशनलाल यादव निवासी गांव हनीफगंज थाना झिराणा तहसील पीपलू जिला टोक हाल किरायेदार डूकिया स्कुल के पीछे, मालपुरा गेट सांगानेर। (बापर्दा गिरफ्तार) 2. विशाल चौधरी (20) उर्फ वकील पुत्र शंकर लाल जाट निवासी गांव इब्राहिमाबाद उर्फ तेहरपुरा थाना पीपलू जिला टोक हाल किरायेदार डूकिया स्कुल के पीछे, मालपुरा गेट सांगानेर। (बापर्दा गिरफ्तार) 3. मेघराज चौधरी (25) पुत्र रामचन्द्र चौधरी निवासी श्रीराजपुरा थाना रेनवाल मांजी तहसील माधोराजपुरा जिला जयपुर (मुख्य आरोपी)


