शहर में एक बार फिर थार गाड़ी का आतंक देखने को मिला। विधानसभा सभा के सामने तेज रफ्तार वाइट थार ने सड़क पर खड़ी और चल रही चार गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, थार चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थार गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले एक महीने में थार गाड़ी से जुड़े चार हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


