जयपुर में पांच दिवसीय यूथ फेस्टिवल शुरू:खेल मंत्री बोले- प्रदेश के विजेता नेशनल चैंपियनशिप में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले यूथ फेस्टिवल का हो गया। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने फेस्टिवल की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ खेल राज्य मंत्री के बिश्नोई भी मौजूद रहे। इस दौरान खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में यूथ फेस्टिवल की तैयारी पिछले दो से तीन महीनों से जारी है। सबसे पहले जिला स्तर पर फिर संभाग स्तर पर और अब प्रदेश स्तर पर अलग-अलग खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनमें जो प्रतिभागी जीतेंगे उन्हें राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से लगभग 1600 प्रतिभागी इस यूथ फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे हैं। जबकि बड़ी संख्या में उन्हें देखने सुनने के लिए भी प्रदेश पर से हर उम्र के लोग यहां पहुंच रहे हैं। राठौड़ ने बताया कि फेस्टिवल में न सिर्फ संस्कृत और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। बल्कि, युवाओं के भविष्य की योजनाओं पर चिंतन और मंथन भी किया जाएगा जिसको लेकर विषय विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के यूथ आइकॉन को भी इस बार यूथ फेस्टिवल में सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कोई न कोई चुनौती हमेशा होती है, लेकिन बावजूद इसके हर व्यक्ति में सफलता प्राप्त करने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी क्षमताओं को पहचान कर सही दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता। हमें निरन्तर अनुशासन बरतने और अभ्यास की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि हाथ में हुनर और हिम्मत है, तो कोई भी हमें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता। आगे बढ़ने के लिए अतिरिक्त हिम्मत और मेहनत की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *