जयपुर में सीएमएचओ सेकेंड की फूड सेफ्टी टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार किलोग्राम से ज्यादा दाल के स्टॉक काे सीज किया है। ये कार्रवाई कानोता स्थित दाल फैक्ट्री पर की है, जिसमें अमानक तरीके से पैकेजिंग और अन्य काम हो रहे थे। जयपुर सीएमएचओ डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया- टीम ने कानोता स्थित हीरावाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित में मैसर्स के.एम. इंडस्ट्रीज पर छापा मारा। यहां टीम ने दाल पैकिंग कट्टों पर आवश्यक सूचनाएं अंकित नहीं होने से दाल के स्टॉक को आगामी आदेशों तक न बेचने के लिए सील किया है। ये दाल 30 किलो वजनी कट्टों में पैक की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर 521 कट्टे सीज किए, जिनमें कुल 15 हजार 630 किलो दाल है। मौके से हरी मूंग दाल छिलका और मूंग मोगर के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए है। डॉक्टर मित्तल ने बताया- खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुसार प्रत्येक सील्ड खाद्य सामग्री पर मैन्युफैक्चरिंग, पैकिंग डेट, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर, कंपनी का पूरा नाम और पता समेत अन्य सूचनाएं अंकित किया जाना अनिवार्य है, जो दाल के पैकिंग कट्टों पर नहीं पाई गई। साथ ही दाल की गुणवत्ता में भी अंदेशा होने पर टीम पूरे स्टॉक को सीज करते हुए बेचान पर आगामी आदेशों तक रोक लगा दी है।


