जयपुर में फैन को देख घुटनों पर बैठे राजकुमार राव:राजमंदिर में कपल्स के साथ किया डांस, गोविंददेवजी के दर्शन किए

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव और एक्ट्रेस वामिका गब्बी अपनी फिल्म ‘भूल चूक माफ’ के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। राजकुमार राव ने अपने दिन की शुरुआत गोविंददेवजी के दर्शन के साथ की। इस मौके पर उन्होंने कहा- श्रीकृष्ण से हमने आशीर्वाद लिया है। मैंने कोई भूल की है तो उसके लिए भूल चूक माफी मांगने आया हूं। राजकुमार राव और वामिका गब्बी राजमंदिर भी गए। यहां एक फैन राजकुमार राव के लिए लड्‌डू गोपाल लेकर आई। इसे लेने के लिए राजकुमार राव ने अपने जूते उतारे और घुटनों के बल बैठ गए। एक्टर ने कहा कि उनको श्रीकृष्णा से बेहद लगाव है। उनका आशीर्वाद यहां मिल रहा है। राजमंदिर सिनेमा में जयपुर के कपल्स के साथ किया डांस
राजकुमार राव और वामिका गब्बी ने राजमंदिर में अपनी फिल्म भूल चूक माफ को प्रमोट किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म के गाने पर डांस किया और जयपुर के कुछ कपल्स के साथ बातचीत की। उनकी लव स्टोरी को जाना। राजकुमार ने कहा- जयपुर से पुराना जुड़ाव है। गुड़गांव से यहां आया करते थे। जयपुर में कई फिल्मों को शूट कर चुका हूं। अब इस फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत जयपुर से हो रही है। वामिका ने कहा- यह फिल्म बेहद खास है। राजकुमार के साथ काम करना बेहद खास रहा। जयपुर में इससे पहले अक्षय कुमार के साथ भूत बंगला की शूटिंग के लिए आई थी। यहां का एक्सपीरियंस हमेशा खास रहता है। पहलगाम आतंकी हमले काे लेकर राजकुमार राव ने कहा- जो चीज सामने आई है, उसे देखकर बहुत गुस्सा भरा हुआ है। तस्वीरों और वीडियो ने बहुत विचलित किया है। सोच भी नहीं सकता कि उनके परिवार वालों पर क्या बीत रही होगी। मेरे लिए भी बहुत ज्यादा दुखदायी है। 9 मई को रिलीज होगी फिल्म
‘भूल चूक माफ’ फिल्म एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है। इसकी कहानी और किरदारों को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह बना हुआ है। इसमें राजकुमार राव और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन और लेखन करण शर्मा ने किया है। इसे दिनेश विजन के प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स ने प्रस्तुत किया है। फिल्म की कहानी बनारस के एक छोटे शहर के युवक रंजन (राजकुमार राव) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी प्रेमिका तितली (वामिका गब्बी) से शादी करना चाहता है। हालांकि, एक विचित्र घटना के चलते वह अपनी हल्दी समारोह के दिन एक टाइम लूप में फंस जाता है। इससे वह बार-बार उसी दिन को जीने के लिए मजबूर हो जाता है। यह फिल्म कॉमेडी, रोमांस और पारिवारिक ड्रामा का मिश्रण है, जो दर्शकों को एक अनोखा अनुभव प्रदान करेगी। ​’भूल चूक माफ’ 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *