जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क से खुशखबरी आई है। बाघिन रानी ने रविवार को पांच शावकों को जन्म दिया। फिलहाल पांचों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। रानी ने 11 महीने 17 दिन पहले भी तीन शावकों को जन्म दिया था। बाघिन और शावकों पर वन विभाग का स्टाफ निगरानी रख रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया- पांच में से चार शावक गोल्डन कलर के हैं। एक शावक का कलर व्हाइट है। DCF विजयपाल सिंह ने बताया- बाघिन रानी के प्रेग्नेंट होने का पता चलने पर ही निगरानी शुरू कर दी गई थी। रविवार दोपहर रानी ने 5 शावकों को जन्म दिया। रानी पांचों शावकों का पालन-पोषण कर रही है। स्टाफ की ओर से रानी और उसके शावकों पर CCTV कैमरों की मदद से पूरी निगरानी रखी जा रही है। राजस्थान के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब किसी बाघिन ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया है। गर्मी से बचाने के लिए कूलर लगाया
DCF विजयपाल सिंह ने बताया- एक केयर टेकर भी लगाया गया है। बाघिन रानी की देखरेख का पूरा जिम्मा उसी केयरटेकर पर है। बाघिन और शावकों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है। उनके आस-पास टाट की बोरियां लगाई गई हैं, जिन्हें समय-समय पर पानी से गीला किया जा रहा है। विजयपाल सिंह ने बताया कि जयपुर में फिलहाल 8 टाइगर हैं। इसमें आज जन्मे शावकों को शामिल नहीं किया गया है। इन शावकों को अगले एक से डेढ़ साल बाद वन विभाग की गिनती में शामिल किया जाएगा। पिछले साल तीन शावकों को जन्म दिया था
इससे पहले, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बाघिन रानी ने 10 मई 2024 को तीन शावकों को जन्म दिया था। इनमें से एक शावक की मौत हो गई थी। वहीं, दो शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। जो नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पर्यटकों की पसंद बने हुए हैं।


