जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला मुंबई और उत्तराखंड के बीच खेला गया। मैच में उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया, जिसके बाद मुंबई की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी। स्टेडियम में शुरुआत से ही अच्छी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, खास तौर पर रोहित शर्मा को देखने के लिए। मुंबई की शुरुआत झटके के साथ हुई। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। रोहित बोरा की गेंद पर जगमोहन को कैच दे बैठे और पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। रोहित के जल्दी आउट होने से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में मायूसी दिखी। इसके बाद दूसरे ओपनर अंगक्रिश रघुवंशी भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 20 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती विकेट गिरने के बाद मुंबई की पारी को मुशीर खान और एस एन खान ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी से खेलते हुए अर्द्ध शतक लगाए और 55-55 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर में हार्दिक तमोरे ने मजबूत परफॉर्मेंस दिखाई और 82 गेंदों में 93 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा श्रदुल ठाकुर ने 21 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 29 रन जोड़े। मुंबई ने फर्स्ट इनिंग में 7 विकेट खोकर 50 ओवर में 331 रन बनाए। इसके बाद फील्डिंग के लिए उतरी मुंबई की टीम में रोहित शर्मा को देखकर दर्शकों में फिर उत्साह देखने को मिला। जब रोहित ने उत्तराखंड के बल्लेबाज कमल का कैच लपका, तो स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने ‘रोहित-रोहित’ के नारे लगाए। मैच का मुकाबला जारी है। — ये खबर भी पढ़िए- जयपुर में रोहित शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, शतक लगाया:18 चौके और 9 छक्कों की मदद से 155 रन बनाए, मुंबई की बड़ी जीत जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी का आज पहला मैच खेला गया। मुंबई की टीम ने सिक्किम को हराकर मैच जीत लिया है। (पढ़िए पूरी खबर)


