जयपुर में लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार:सुनसान जगह मारपीट कर जेवर व कैश छीन लेते, शराबियों को करते टारगेट

जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने चोरी, लूट और छीना-छपटी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शमी उर्फ समीर (32), मोहम्मद शहजाद उर्फ शहजाद कालिया (26) और मोहम्मद शाहरुख उर्फ दुग्गल (29) शामिल हैं। डीसीपी ईस्ट संजीव नैन ने बताया कि 27 फरवरी को पीड़ित आनंद सोनी निवासी अजमेर ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को वह सवाई माधोपुर से ट्रेन से जयपुर आए थे। रेलवे स्टेशन पर दो युवकों ने पीछा करते हुए बैटरी रिक्शा चालक को अपना दोस्त बताकर उन्हें रिक्शा में बैठा लिया और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित घाट की गुणी सुरंग में ले गए। वहां आरोपियों ने मारपीट कर उनके हाथ की अंगूठी, जेब से 15 हजार रुपए, बैग में रखी सोने की चेन, आधार कार्ड और कपड़े लूट लिए। इस पर थाना ट्रांसपोर्ट नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें घाट की गुणी सुरंग के अंदर बैटरी रिक्शा पलटता हुआ और छीना-छपटी की वारदात होती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 3 मार्च को मुखबिर की सूचना पर शमी उर्फ समीर और मोहम्मद शहजाद उर्फ शहजाद कालिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बैटरी रिक्शा (RJ14ET 0782), नकदी, बैग और अन्य सामान बरामद किया। इसके बाद 5 मार्च को तीसरे आरोपी मोहम्मद शाहरुख उर्फ दुग्गल को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। नशे के लिए करते थे वारदात पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से चालानशुदा अपराधी हैं और स्मैक के नशे के आदी हैं। ये शराब के ठेकों के आसपास शराब पी चुके लोगों को टारगेट करते थे। उन्हें बैटरी रिक्शा में बैठाकर सुनसान जगह ले जाते और मारपीट कर नकदी व सामान लूट लेते थे। आरोपियों ने जयपुर शहर में दर्जनों वारदातें करना कबूल किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *