जयपुर में एक विवाहिता ने सुसाइड कर लिया। वह अपने कमरे में सोमवार सुबह फंदे से लटकी मिली। मृतका की 8 महीने पहले शादी हुई थी। जामड़ोली थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने मृतका के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। थानाधिकारी सतीश शर्मा ने बताया- दिल्ली की रहने वाली प्रियंका गौत्तम (25) ने सुसाइड किया है। करीब 8 महीने पहले उसकी शादी विजयपुरा जामड़ोली निवासी संतोष गौत्तम से हुई थी। संयुक्त परिवार के साथ रहने वाला संतोष जयपुर डेयरी में गाड़ी चलाता है। घटनाक्रम के मुताबिक, रविवार देर शाम खाना खाने के बाद प्रियंका अपने कमरे में सोने चली गई। देर रात उसने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सोमवार सुबह काफी समय तक बाहर नहीं आने पर परिजनों जगाने पहुंचे। काफी आवाज व गेट खटखटाने के बाद भी कोई जबाव नहीं मिला। परिजनों के धक्का देकर गेट खोलने पर कमरे में प्रियंका फंदे से लटकी मिली। सुसाइड की सूचना पर जामड़ोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने फंदे से शव उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने पीहर पक्ष को सूचना दे दी है, जिनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस सुसाइड करने के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


