जयपुर में स्कूल से घर आ रही तीन छात्राएं अचानकर सड़क पर गिर गईं। इस दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने एक को कुचल दिया। तीनों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान एक छात्रा नेहा शेखावत (18) की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। वहीं, घायल दो का उपचार जारी है। घायलों में नेहा की छोटी बहन वंशिका (16) और सहेली सिया शर्मा (18) है। घटना करधनी इलाके में गोविंदपुरा निवारू लिंक रोड की है। करधनी थाना सीआई हरीश सोलंकी ने बताया- मृतका नेहा सिंह साकेत विहार हाथोज की रहने वाली थी। 12वीं क्लास में पढ़ती थी। 23 दिसंबर को शाम 4.11 बजे नेहा छोटी बहन वंशिका और सहेली सिया के साथ स्कूटी से घर आ रही थी। लिंक रोड पर सामने से आ रही बाइक से बचने के चक्कर में तीनों अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने नेहा को कुचल दिया। साइड में गिरने से बच गईं बहन और सहेली साइड में गिरने से वंशिका और सिया घायल हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जप्त कर लिया है। हादसे की पूरी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई। दिल दहलाने वाले हादसे को देखकर हर किसी को होश उड़ गए। डंपर चालक के खिलाफ हुई एफआईआर करधनी थाना पुलिस ने मृतका नेहा के परिजनों की शिकायत पर डम्पर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। डंपर के मालिक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


