जयपुर में सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। नेशनल स्टूडेंट सोसाइटी फॉर ट्राईबल स्टूडेंट द्वारा आयोजित एकलव्य मॉडल स्कूलों की 1460 पदों की भर्ती परीक्षा का सेंटर मानसरोवर स्थित वर्धमान इंटरनेशनल स्कूल में बनाया गया था। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को गलत ओएमआर शीट दे दी गई। आपत्ति पर सुधार की जगह व्हाइटनर इस्तेमाल करने का दबाव बनाया गया, जिससे हंगामा हो गया। समय पर समाधान और अतिरिक्त समय न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने अब स्कूल प्रबंधन पर भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, राजधानी जयपुर में नेशनल स्टूडेंट सोसाइटी फॉर ट्राईबल स्टूडेंट द्वारा सीनियर टीचर की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। देशभर में एकलव्य मॉडल स्कूल में 1460 पदों पर होने वाली सीनियर टीचर भर्ती का सेंटर जयपुर के मानसरोवर स्थित वर्धमान स्कूल में बनाया गया था। जहां आज सुबह 9 से 11:30 तक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाना था। लेकिन भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को गलत ओएमआर शीट दे दी गई। जिसको लेकर जब अभ्यर्थियों ने आपत्ति दर्ज की। तो स्कूल प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को सुधार का वादा किया। लेकिन कुछ देर बाद स्कूल प्रबंधन व्हाइटनर लेकर पहुंच गया और अभ्यर्थियों से ओएमआर शीट में व्हाइटनर का इस्तेमाल करने के लिया कहा गया। जिस पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद एक बार फिर अभ्यर्थियों को उनकी पुरानी ओएमआर शीट दी गई। लेकिन तब तक लगभग डेढ़ घंटे का वक्त बीत गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देने का वादा किया गया। लेकिन 11:30 भजे ही पेपर खत्म कर दिया गया। जिसके बाद 25 नाराज अभ्यर्थियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूरे मामले को लेकर अभ्यर्थी सरकार से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। भर्ती परीक्षा देने पहुंचे स्टूडेंट दिनेश ने बताया कि आज वर्तमान इंटरनेशनल स्कूल के टीचर्स द्वारा बड़ी गड़बड़ी की गई। पहले तो हमें गलत ओएमआर शीट दे दी गई। जब हमने इसका विरोध किया, तो सुधार के लिए व्हाइटनर का इस्तेमाल करने को लेकर दबाव बनाया गया। जबकि नियमों के तहत ओएमआर शीट में व्हाइटनर का इस्तेमाल ही नहीं किया जा सकता है। नियमों के तहत ऐसा करने पर हमारी ओएमआर शीट चेक ही नहीं होगी। लेकिन बावजूद इसके स्कूल प्रबंधन द्वारा हम पर दबाव बनाया गया। इसके बाद जब हमने इसका विरोध किया। तो उन्होंने फिर से अपनी गलती में सुधार कर हमें अपना पेपर दिया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम की वजह से लगभग 1 घंटे तक हम परेशान होते रहे। इसके बाद न हमें एक्स्ट्रा टाइम दिया गया न ही स्कूल प्रबंधन द्वारा की गई गलती में सुधार किया गया। जिसकी वजह से अब हमारी सालों की तैयारी पर पानी फिर गया है। ऐसे में हम सरकार से मांग करते हैं कि लापरवाह स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई कर हमें फिर से मौका दिया जाए। सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा देने पहुंची सुमित्रा ने कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा न सिर्फ हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। बल्कि, हमारे साथ बदतमीजी और दुर्व्यवहार भी किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल से लेकर वहां का स्टाफ ने हमें अपशब्द भी कहे। ऐसे में हम सरकार से मांग करते हैं कि इस तरह के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। इस मांग को लेकर हम जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को ज्ञापन भी देंगे। वहीं इस पूरे मामले में हमने स्कूल प्रबंधन से भी उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई है।


