जयपुर में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों के एक युवक से लूट करने का मामला सामने आया है। स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर बदमाशों ने युवक को स्कूटी सहित रोड पर गिरा दिया। डंडों से ताबड़तोड़ वार कर मारपीट कर कैश-मोबाइल छीन ले गए। करधनी थाना पुलिस फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- लूट की वारदात निवारू रोड झोटवाड़ा निवासी सुभाष (40) के साथ हुई। वह पंडिताई का काम करते है। शनिवार रात को गोविंदपुरा में दोस्त की बहन की शादी कराने के लिए सुभाष गए थे। शादी करवाकर रात करीब 2:30 बजे स्कूटी से गोकुलपुरा की ओर जा रहे थे। कृष्णा कुंज के सामने वाली गली में जाते समय पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही वह स्कूटी सहित रोड पर गिर गए। स्कॉर्पियो से उतरे 4-5 बदमाशों ने डंडों से सुभाष पर हमला कर दिया। डंडों से ताबड़तोड़ वार कर जमकर उनके साथ मारपीट की। जेब में रखा उनका मोबाइल, स्कूटी की चाबी व बैग छीनकर बदमाश वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद लेकर पुलिस कंट्रोल रूम को लूट की सूचना दी। करधनी थाना पुलिस सूचना पर तुरंत नाकाबंदी करवाई, लेकिन स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का सुराग नहीं लगा। CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत
पुलिस ने वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की करतूत कैद मिली। रात 2:39 मिनट पर स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर बदमाशों ने सुभाष को स्कूटी सहित नीचे गिराया। डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर महज 40 सेकेंड में लूट की वारदात कर फरार हो गए। पीड़ित सुभाष ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 30 हजार रुपए रखे थे। मोबाइल छीनने के साथ ही बदमाश भागते से समय स्कूटी में लगी चाबी भी निकाल ले गए। मारपीट के चलते उनके हाथ-पैर में चोट आई है। एक हाथ में माइनर फ्रेक्चर भी है। पुलिस फुटेज के आधार पर लुटेरों को ढूंढ रही है।


