राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) की ओर से की जा रही मेडिकल ऑफिसर्स के 1700 पदों पर भर्ती के लिए 27 अप्रैल को परीक्षा आयोजित होगी। ये परीक्षा जयपुर में होगी, जिसके लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर 70 सेंटर बनाए गए है। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 17 हजार 189 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसे देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) गोपाल सिंह शेखावत ने बताया- परीक्षा के सुचारू और सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम बनाया है, जो 25 से 27 अप्रैल एक्टिव रहेगा। इस एग्जाम के लिए प्रशासन ने 70 उप समन्वयक और 18 उड़नदस्तों का तैनाती की है। उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए कंट्रोल रूम से 0141-2206699 नंबर पर कॉल करके जानकारी भी ले सकते है। परीक्षा सेंटर पर ही मिलेगा पैन, पानी की बोतल RUHS की ओर से परीक्षा ऑफलाइन करवाई जा रही है। पहले इसे ऑनलाइन करवाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक अभ्यर्थी ज्यादा होने के कारण इसे ऑफ लाइन करवाने का निर्णय लिया। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को परीक्षा सेंटर पर ही पैन और पीने के लिए एक पानी की बोतल उपलब्ध करवाई जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को किसी भी तरह का कागज, पैन या अन्य उपकरण न लाने के निर्देश दिए है।


