वरिष्ठ चित्रकार डॉ. मोहम्मद सलीम की सोलो एग्जीबिशन ‘खोज की पगडंडियां’ की शुरुआत सात फरवरी से होगी। यह एग्जीबिशन 13 फरवरी तक जवाहर कला केंद्र (JKK) की सुरेख आर्ट गैलेरी में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन आर्ट एंड कल्चर डिपार्टमेंट के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन, वरिष्ठ चित्रकार डॉ. विद्यासागर उपाध्याय और प्रो. शब्बीर हसन काजी करेंगे। इस प्रदर्शनी में डॉ. मोहम्मद सलीम 50 से 60 कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। उनकी कलात्मक दृष्टि और रचनात्मकता को सीनियर एमिनेंट आर्टिस्ट डॉ. एन.एल. वर्मा द्वारा क्यूरेट किया जाएगा। स्वयं की खोज का माध्यम बनी कला
डॉ. मोहम्मद सलीम का मानना है कि खोज उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण पहलू है। वे कहते हैं, मुझे हमेशा यह नहीं पता होता कि मैं क्या खोज रहा हूं, लेकिन मुझमें कुछ नया देखने और अज्ञात को पाने की चेष्टा बनी रहती है। मेरी कला यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा सृजन की खुशी है। उनकी कलाकृतियां उनके विचारों, भावनाओं और अनुभवों की झलक प्रस्तुत करती हैं। वे मिक्स मीडिया का उपयोग कर रंगों, आकृतियों और प्राकृतिक सृजनात्मकता के माध्यम से अपनी कला को एक नया आयाम देते हैं। इसमें 50-60 अनोखी कलाकृतियां प्रदर्शित होगी, जो आत्म-अन्वेषण और रंगों की गहराइयों को दर्शाएंगी। ये कलाकृतियां मिक्स मीडिया आर्ट में होगी, जो पारंपरिक और समकालीन कला के मेल का बेहतरीन उदाहरण होगी। यहां सृजनात्मक यात्रा की झलक प्रस्तुत होगी। इसमें कलाकार की आत्म-खोज और रंगों से संवाद करने की कला देखने को मिलेगी।


