कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर में बुधवार को एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सेंटर फॉर करियर गाइडेंस, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट और उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस मेले में प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के सचिव, आईएएस डॉ. समित शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन छात्राओं को बेहतर करियर अवसर प्रदान करने के लिए किया जाता है। मेले में बीएमडब्लू, जेनपैक्ट, एक्सिस बैंक, बजाज आलियांज, ट्रिपिंग टेल्स, एयू इग्नाइट, डेटन नेचुरल रिसोर्सेज 108, जेसीबी इंडिया लिमिटेड और आरएसएलडीसी सहित 28 प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया। इस दौरान कुल पंजीकृत उम्मीदवारों में से 66 को विभिन्न पदों पर चयनित किया गया। सभी चयनित उम्मीदवारों को मुख्य अतिथि द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, सचिव विमल कुमार भाटिया और रोजगार विभाग राजस्थान सरकार की उपनिदेशक नवरेखा भी मौजूद रहीं। सेंटर की संयोजिका डॉ. आकांक्षा गंडा ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।


