जयपुर शू फेयर का आगाज, बारिश में भी पहुंचे लोग:फुटवियर के दीवानों की पहली पसंद बना एक्सपो, तीन दिन तक कर सकेंगे शॉपिंग

मानसरोवर स्थित राजस्थान आवासन मंडल मैदान (दैनिक भास्कर गरबा स्थल) में शुक्रवार से जयपुर शू फेयर का आगाज हुआ। यह फैशन और फुटवियर प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश के 250 से अधिक प्रतिष्ठित फुटवियर ब्रांड्स भाग ले रहे हैं। फुटवियर होलसेलर विकास समिति, जयपुर की ओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया गया। समारोह में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रवि नैय्यर, अडवाणी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हितेश अडवाणी, महावीर पॉलिमर्स के एमडी शिखर चंद बैराठी, जयपुर पॉलिमर्स के एमडी लक्ष्मण टेकचंदानी, बैराठी शू कंपनी के एमडी डॉ. सौरभ बैराठी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के छबल दास नवलानी, फुटवियर होलसेलर विकास समिति के संस्थापक नानकराम थावानी और अध्यक्ष राजकुमार आसवानी उपस्थित रहे। फुटवियर की दुनिया एक ही छत के नीचे
फेयर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ ही रिटेलर्स और होलसेलर्स ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल ग्राहकों को आकर्षक डिस्काउंट्स और विस्तृत उत्पाद रेंज का लाभ दे रहा है। बल्कि व्यापारियों के लिए संभावित साझेदारी और विकास के नए अवसर भी प्रदान कर रहा है। स्टाइलिश, फैशनेबल और नए ट्रेंड्स के फुटवियर इस फेयर की विशेषता है। ग्राहकों के लिए यह अवसर न केवल खरीदारी का है, बल्कि नए डिजाइन और रंगों का अनुभव करने का भी है। इस मौके पर विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि उद्घाटन से पहले ही फेयर में जयपुरवासियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन सभी वर्गों को जोड़ने का बेहतरीन प्रयास है। रवि नैय्यर ने कहा कि शू फेयर में विभिन्न कंपनियों की उत्पाद रेंज बेहद आकर्षक है और यह हर वर्ग के ग्राहकों को लुभा रही है। राजकुमार आसवानी ने कहा कि कलरफुल और आकर्षक डिजाइन के शूज कम कीमत पर उपलब्ध हैं, जिससे लोग खरीदारी का जमकर आनंद ले रहे हैं।
फेयर में उपस्थित ग्राहकों को फैशनेबल फुटवियर पर विशेष छूट मिल रही है। यह आयोजन 29 दिसंबर तक चलेगा और इसमें हर आयु वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *