राजस्थान में जयपुर समेत 11 जिलों में कड़ाके की ठंड के कारण स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। रविवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान -2 और नागौर में -1 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण यहां जगह-जगह बर्फ जम गई। रेगिस्तानी जिले जैसलमेर के कई एरिया में सुबह बर्फ जमी नजर आई। ऐसा ही कुछ नजारा हिल स्टेशन माउंट आबू का रहा। उदयपुर में घने कोहरे के कारण 7 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। जयपुर में मुख्य जिला शिक्षाधिकारी मुकुल कविया ने प्री-प्राइमरी से 5वीं तक के बच्चों की 12 और 13 जनवरी अवकाश घोषित किया है। 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर जयपुर जिले में पहले से ही कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाश रहेगा। सीकर में 5वीं क्लास तक के बच्चों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। छठी से 12वीं क्लास तक के बच्चों का टाइम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है। वहीं भरतपुर में 5वीं क्लास तक के बच्चों की 12 और 13 जनवरी की छुट्टी घोषित कर दी गई है। डीग में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों का 12 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। हनुमानगढ़ में नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के बच्चों का 12 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। 13 जनवरी को लोहड़ी का स्थानीय छुट्टी होने के कारण स्कूल अब 14 जनवरी को खुलेंगे। जालोर में प्री-प्राइमरी से 5वीं तक के स्टूडेंट्स की 12 जनवरी से 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। नागौर में शीतलहर को देखते हुए 5वीं तक के बच्चों की 12 और 13 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई है। जैसलमेर में भी 1 से 8वीं तक के बच्चों का 14 जनवरी तक अवकाश रहेगा। दौसा में एक से 8वीं तक के बच्चों की 12 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई है। इस दौरान स्टाफ का समय यथावत रहेगा। झुंझुनूं में क्लास 1 से 8वीं तक के स्कूली बच्चों की 13 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। वहीं बाड़मेर में 12 जनवरी को 8वीं तक के बच्चों की छुट्टी घोषित की गई है। अजमेर जिले में कलेक्टर ने प्री- प्राइमरी से 12वीं तक के स्कूलों का टाइम कल से 17 जनवरी तक सुबह 10 से शाम 4:00 बजे तक कर दिया है। बीकानेर जिले में कलेक्टर ने अगले आदेश तक स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया है। वहीं आंगनबाड़ी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मकर संक्रांति पर होगा कोल्ड-डे वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में मकर संक्रांति तक कोल्ड-डे की स्थिति रहने का अनुमान जताया है और तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। श्रीगंगानगर में दिनभर कोहरा रहा श्रीगंगानगर में इससे पहले साल 2020 और 2019 के सीजन में अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। श्रीगंगानगर में सुबह से ही घना कोहरा रहा, जो देर शाम तक रहा। पूरे दिन सर्द हवा चली, जिसके कारण कल पूरे दिन में गलनभरी सर्दी रही। न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जिले का इस सीजन का सबसे कम तापमान था। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर संभाग में दिन में भी ठिठुरन राजस्थान में शनिवार को कोहरे के अलावा सर्द हवाओं की चपेट में 15 से ज्यादा जिले रहे। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में सुबह से हल्की सर्द हवा से गलन रही। पिलानी, सीकर, उदयपुर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, सिरोही, फतेहपुर, झुंझुनूं में कल दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।


