शीतलहर को देखते हुए जोधपुर में सभी स्टूडेंट्स के लिए 14 और 15 जनवरी और सवाई माधोपुर के स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों के लिए 13 से 16 जनवरी तक छुट्टी की गई है। उधर, 15 जनवरी से एक बार फिर राजस्थान में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होने का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी है। आज (मंगलवार) सुबह 7 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट है। पिछले दिनों राजस्थान में हुई बारिश-ओलावृष्टि के बाद प्रदेश में सोमवार को तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज प्रदेश में मौसम ड्राय रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो दौसा जिले को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में कल (सोमवार) दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे ही रहा। कल सबसे ठंडा दिन जैसलमेर जिले में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में कल सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, यहां पूरे सीजन में कभी इतना कम अधिकतम तापमान दर्ज नहीं हुआ। आसमान में ऊपर सतह पर कोहरे और धुंध के कारण पूरे प्रदेश में सूरज का असर कम रहा। बाड़मेर में कल अधिकतम तापमान 20.7, फलोदी में 20.8, डूंगरपुर में 20.5, जयपुर में 20, अजमेर में 18.5, अलवर में 19.2, सीकर में 16, उदयपुर में 17, जोधपुर में 18.4, कोटा में 18.5, बीकानेर में 16.4 और चूरू में 16.8 डिग्री सेल्सियसदर्ज हुआ। जयपुर में आज मौसम पतंगबाजी के अनुकूल
राजधानी जयपुर में आज मकर संक्रांति पर मौसम पतंगबाजी के अनुकूल रहेगा। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है और धूप निकलेगी। हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी रहने का अनुमान है।


