जयपुर सेंट्रल जेल से आज सुबह 2 कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि दोनों आरोपी जेल के अंदर लगे पाइप के सहारे 40 फीट से भी ऊंची दीवार फांदने में सफल रहे। गांधी नगर के एसीपी नारायण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और जेल विभाग से दोनों कैदियों का रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। फरार कैदियों की पहचान नवल किशोर महावर और एनस कुमार के रूप में हुई है। दोनों ही चोरी के मामले में सजा काट रहे थे। नवल किशोर सांगानेर और एनएस कुमार मालपुरा गेट थाने का आरोपी है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया है, जिसके बाद आगे की जांच की जाएगी। इसी जेल से मुख्यमंत्री भजनलाल को धमकी दी थी
जयपुर सेंट्रल जेल, जो कभी सबसे सुरक्षित मानी जाती थी, अब अपनी व्यवस्था के मामले में हांफती हुई नज़र आ रही है। इसकी मुख्य वजह यहां तैनात कर्मचारियों की कार्यशैली को बताया जा रहा है। हाल ही में, इसी जेल में बंद एक कैदी ने मोबाइल फोन से मुख्यमंत्री भजनलाल को धमकी दी थी, और यह घटना एक बार नहीं, बल्कि दो बार हो चुकी है। एक सप्ताह पहले, जेल में बंद एक कैदी ने जेल से ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की, जिसकी जांच अभी जारी है। जयपुर सेंट्रल जेल में कैदी मोबाइल और मादक पदार्थों का खुलेआम उपयोग कर रहे हैं, तो अन्य जेलों की स्थिति क्या होगी, यह एक गंभीर सवाल है।


