सज्जनगढ़ सेंचुरी में लायन सफारी का जल्द उद्घाटन करवाने की तैयारी है। 5.19 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली सेंचुरी के 20 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 3.50 करोड़ रुपए खर्च करके लायन सफारी तैयार की गई है। उद्घाटन से पहले सफारी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने मंगलवार को चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन के प्रतिनिधि की टीम पहुंची। जयपुर से आई टीम में डीएफओ जगदीश गुप्ता, मुकेश जिंदल और वेटरनरी डॉ. अरविंद माथुर ने सफारी का मौका-मुआयना किया। टीम ने फेंसिंग, ट्रैक, एंट्री, होल्डिंग एरिया आदि की जांच की। इसके बाद टीम ने लायन सफारी के एंट्री गेट में बदलाव करने का सुझाव दिया। वर्तमान में एंट्री गेट पर दो गेट बने हुए हैं- एक गेट स्लाइड होकर खुलने वाला और दूसरा फोल्डिंग होकर बंद होने वाला है। टीम ने फोल्डिंग गेट हटाकर उसकी जगह स्लाइडिंग गेट लगाने को कहा। इसी तरह लायन सफारी की पहाड़ी से बरसात का पानी निकालने के लिए ड्रेनेज बनाने और होल्डिंग एरिया से भी पानी निकालने के लिए ड्रेनेज बनाने का सुझाव दिया। लायन सफारी में मुख्यालय की टीम की ओर से बताए गए कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा। सिक्योरिटी ऑडिट की रिपोर्ट के बाद मुख्यालय से शेरों को सफारी क्षेत्र में छोड़ने की अनुमति मिलेगी। प्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें लायन सफारी और रेप्टाइल सेक्शन का उद्घाटन करवाने की तैयारी है। हालांकि 13 दिसंबर को उद्घाटन होने की सबसे अधिक संभावना है। बता दें कि 20 मई को तेज आंधी के चलते सफारी के क्लाउड-9 के पास करीब 100 मीटर लंबी फेंसिंग का हिस्सा गिर गया था। इस मामले को लेकर भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग ने जांच कमेटी बनाई और फेंसिंग की मरम्मत करवाई थी।


