जयपुर हाईवे पर ‘भांकरोटा अग्निकांड’ जैसा बड़ा हादसा टला, VIDEO:केमिकल के चलते ट्रक में लगी आग, पुलिस खुद बनी फायर फाइटर

जयपुर हाईवे पर ‘भांकरोटा अग्निकांड’ जैसा बड़ा हादसा होने से सोमवार सुबह टल गया। हाईवे पर केमिकल के चलते ट्रक में आग लग गई थी। भांकरोटा थाना पुलिस ने खुद ही फायर फाइटर बनकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। पुलिस ने फायर बिग्रेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया- हादसा सुबह करीब 4:45 जयपुर-अजमेर हाईवे पर रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर हुआ। मिथाइल केमिकल से भरा एक ट्रक अजमेर से जयपुर की ओर जा रहा था। रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर चढ़ते ही टायर के पास निकली चिंगारियों से केमिकल ट्रक के निचले हिस्से में आग लग गई। केमिकल के चलते ट्रक के निचले हिस्से में आग लगी देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। ड्राइवर को बताने पर उसने तुरंत ट्रक को खड़ा कर अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतर गया। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील के साथ मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड को सूचना देने के साथ राहगीरों की मदद से दोनों ओर का ट्रैफिक कुछ दूरी पर रुकवाया गया। आग को बढ़ता देखकर पुलिस खुद ही फायर फाइटर बन गई। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर बिग्रेड के आने से पहले अग्निशमन यंत्र की मदद से आग को कम करने के प्रयास में जुटे रहे। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने करीब 10 मिनट की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। SHO (भांकरोटा) श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया- ट्रक में करीब 30 हजार लीटर मिथाइल केमिकल भरा था। टायरों के साथ ही आग ट्रक के निचले हिस्से में बढ़ गई थी। समय रहते पुलिस ने ही अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया था। जिससे आग बढ़ नहीं सकी और बड़ा हादसा टल गया। नहीं तो एक बार फिर ‘भांकरोटा अग्निकांड’ जैसा बड़ा हादसा हो सकता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *