जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का 15 जनवरी से आगाज हो जाएगा। होटल क्लार्क्स आमेर में होने वाले जेएलएफ दुनियाभर से 500 से ज्यादा साहित्यकार आने वाले हैं। 5 दिन तक जावेद अख्तर,टिम बर्नर्स-ली, किरण देसाई, एस्तेर डुफ्लो, सुधा मूर्ति, विश्वनाथन आनंद,गौर गोपाल दास समेत नामी हस्तियां शिरकत करेंगी। टेक्नोलॉजी,साहित्य,राजनीति,खेल,इतिहास,सिनेमा सहित कई फील्ड पर अलग-अलग सेशन होंगे। बांग्लादेश की घटना के साथ वेनेजुएला में हाल ही की घटना पर भी चर्चा होगी। म्यूजिक प्रोग्राम भी खास होने वाले है। यदि आप भी इसमें जाने का प्लान कर रहे हैं तो दैनिक भास्कर बता रहा है कि आपको रजिस्ट्रेशन कैसे कराना है, पार्किंग स्पेस कहां होगा, कौनसा सेशन कब और किसका होगा। अलग-अलग रजिस्ट्रेशन विकल्प
जेएलएफ में इस बार भी दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणियों में एंट्री प्राइजिंग तय की गई है। इस महोत्सव में छात्र, आम दर्शक, म्यूजिक लवर्स और पब्लिशिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। जयपुर म्यूजिक स्टेज
संगीत प्रेमियों के लिए जयपुर म्यूजिक स्टेज खास आकर्षण रहेगा। इस स्टेज के लिए एंट्री 499 रुपए प्रतिदिन से शुरू होगी। यहां देश-विदेश के नामी और उभरते कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह मंच विविध संगीत शैलियों का संगम बनकर उभरेगा। जयपुर बुकमार्क
पब्लिशिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स के लिए प्रस्तुत जयपुर बुकमार्क में प्रवेश शुल्क 1500 रुपए प्रतिदिन रखा गया है। यह साउथ एशिया का सबसे बड़ा वार्षिक पब्लिशिंग कॉन्क्लेव माना जाता है, जहां प्रकाशक, लेखक, एजेंट और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स एक मंच पर संवाद करते हैं।
वर्चुअल सेशन रजिस्ट्रेशन
जो लोग फिजिकल रूप से जयपुर नहीं पहुंच सकते, उनके लिए वर्चुअल सेशन रजिस्ट्रेशन पूरी तरह फ्री रखा गया है।वेदांता द्वारा प्रस्तुत इन वर्चुअल सेशंस के जरिए दर्शक दुनिया भर से जेएलएफ की चर्चाओं, विचारों और संवादों से जुड़ सकेंगे। जयपुर म्यूजिक स्टेज बनेगा संगीत का महाउत्सव
जेएलएफ केवल साहित्य और विचारों का ही नहीं, बल्कि संगीत प्रेमियों के लिए भी एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है। फेस्टिवल के पांच दिन तक देश के चुनिंदा और लोकप्रिय म्यूजिक आर्टिस्ट्स अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। अलग-अलग जोनर और फ्यूजन म्यूजिक से सजे ये कॉन्सर्ट दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। 15 जनवरी : फ्यूजन और इंडी बीट्स की शुरुआत
म्यूजिक स्टेज की शुरुआत 15 जनवरी को सौमिक दत्ता ट्रैवल्स की प्रस्तुति से होगी। सूफी, फोक और वर्ल्ड म्यूजिक के अनूठे मेल के लिए पहचाने जाने वाले सौमिक दत्ता अपनी टीम के साथ परफॉर्म करेंगे। इसी दिन वासु दीक्षित कलेक्टिव मंच संभालेगा, जो अपनी एनर्जी, लोक रंग और समकालीन धुनों के लिए जाना जाता है। उनके गीतों में लोक संगीत और आधुनिक संवेदनाओं का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। 16 जनवरी 2026: युवाओं की पसंद का दिन
16 जनवरी को म्यूजिक स्टेज युवाओं के पसंदीदा कलाकारों से गुलजार रहेगा। सबसे पहले युग्म अपनी प्रस्तुति देंगे, जो अपने प्रयोगधर्मी और फ्यूजन साउंड के लिए पहचाने जाते हैं। इसके बाद रमन नेगी अपनी दमदार आवाज और रॉक अंदाज से मंच पर जोश भरेंगे। इसी दिन परवाज भी परफॉर्म करेगा, जिनका सूफी-रॉक और उर्दू शायरी से सजा संगीत श्रोताओं के बीच खास पहचान रखता है। 17 जनवरी 2026: लोक और रॉक का जबरदस्त संगम
17 जनवरी को म्यूजिक स्टेज पर लोक और रॉक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। राजस्थानी लोक रंगों से सजे गौली भाई अपनी प्रस्तुति से माहौल को देसी रंगों में रंग देंगे। वहीं, फेस्टिवल का समापन थैक्कुडम ब्रिज के धमाकेदार कॉन्सर्ट के साथ होगा। यह बैंड अपने मल्टी-लैंग्वेज और फ्यूजन रॉक म्यूजिक के लिए देश-विदेश में जाना जाता है।


