जयस्तंभ-वीआईपी चौक में रेंगती रहीं गाड़ियां:तेज बारिश में धुल गए निगम के इंतजाम, ड्रेनेज सिस्टम फेल; सड़कें बनीं तालाब, कॉलोनियां-बस्तियां भी डूबीं

शहर में मानसून के बादल जमकर बरसे, लेकिन लोग इसका मजा नहीं ले पाए। क्योंकि सावन के पहले ही भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। शहर के सभी सड़क बारिश की वजह से तालाब में तब्दील हो गए। जयस्तंभ और वीआईपी तिराहा के चारों ओर जाम लगता रहा। गा​ड़ियां रेंगती रही। इसी तरह का हाल फाफाडीह चौक और बाकी जगहों का भी रहा। सड़कें ही नहीं, शहर की कई कॉलोनियां और बस्तियों के मकान पानी में डूबते नजर आए। सुबह से शाम तक होती रही बारिश ने लोगों को हलाकान कर दिया। राजधानी में सोमवार को दूसरे दिन तक मानसून की झड़ी लगी रही। रविवार की रात से शुरू हुई बारिश सोमवार तक दिनभर जारी रही। रायपुर में पिछले 24 घंटे (रविवार सुबह 8.30 से सोमवार सुबह 8.30 तक) के दौरान करीब 73 मिमी पानी गिरा। वहीं सोमवार को दिन में 9 घंटे (सुबह 8.30 से शाम 5.30 तक) में 30 मिमी बारिश हुई। इस तरह पिछले 33 घंटे में 103 मिमी पानी बरस गया। इस वजह से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। तेज पानी के कारण नालियां उफान पर रहीं। ओवरफ्लो के कारण नालों का पानी सड़कों पर बहने लगा। आज भी बारिश की संभावना : मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भी रायपुर और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। दिन में रुक-रुककर बारिश होगी। 8 और 9 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। मौसम खुलने से दिन का तापमान बढ़ेगा। अभी अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास है। डूबते ही जा रहे इलाके, प्रोफेसर कॉलोनी के कई घरों में घुसा पानी शहर में इतनी तेज बारिश हुई कि इलाके डूबते ही चले गए। जो जहां था वहीं रुका रहा। हर चौक-चौराहों के साथ ही जहां लोगों को बारिश से बचने की जगह मिली लोग वही रुक गए। प्रोफेसर कालोनी के सेक्टर 1, 2, 4, 5 में कई जगहों पर पानी भर गया। राजातालाब की छोटी बस्ती में घुटने से नीचे तक पानी भर गया। बस्तियों के कई घरों में पानी घुस गया। शांति नगर, राजेंद्र नगर, शैलेंद्र नगर, मौदहापारा बांबे मार्केट से बायपास रोड, रामसागरपारा, रायपुरा से भाठागांव रोड में कई जगहों पर पानी भरा रहा। बारिश के कारण मोवा और भनपुरी के सरकारी स्कूलों का मैदान पानी से भर गया। बच्चों का आना-जाना तक मुश्किल हो गया। पंपों से निकालते रहे, लेकिन घंटों तक नहीं उतरा पानी सोमवार को हुई जोरदार बारिश से शहर के लगभग सभी सड़कों पर पानी भर गया। फाफाडीह चौक, शास्त्री बाजार, तेलीबांधा रिंग रोड के कई हिस्से और पुरानी बस्ती, गुढि़यारी जैसे इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे गाड़ी वालों को काफी परेशानी हुई। नगर निगम की टीमें भी जल निकासी के लिए सक्रिय हुई। पंपों से पानी निकालने का काम शुरू किया गया। लेकिन घंटों बाद भी पानी नहीं निकाल पाए। अधिकतर जगहों पर ड्रेनेज सिस्टम ओवरफ्लो हो गए। निगम वालों का कहना है कि बारिश के दौरान ही नालों की सफाई की गई, इसके बाद ही बारिश का पानी उतरा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *