देवास जिले के सतवास में जय बजरंग सेना के भीतर आंतरिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार शाम संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री अंकित सिंह बावरा को उन्हीं के एक पदाधिकारी ने गोली मार दी। घटना में अंकित के बाएं कंधे पर गोली लगी, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया गया। सतवास थाना प्रभारी बीडी वीरा के अनुसार, घटना शाम 4 से 5 बजे के बीच पुनासा रोड स्थित जायसवाल ढाबे पर हुई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों- कपिल जायसवाल, गबरू राठौर और विनोद कोरकू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी करण अभी फरार है। जांच में सामने आया कि कालापाठा निवासी अंकित सिंह बावरा ने कपिल को संगठन में कुछ जिम्मेदारियां दी थीं। पद के दुरुपयोग को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कपिल और गबरू आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पहले से ही कपिल जायसवाल को जिलाबदर करने की कार्रवाई पर विचार कर रही थी। सूत्रों के अनुसार, हालांकि अंकित और कपिल अक्सर एक साथ समय बिताते थे। घायल अंकित सिंह बावरा की लाइफस्टाइल हाई प्रोफाइल बताई जाती है और वह सतवास में अक्सर आते-जाते रहते थे।


