जरा सी चूक…:एक दिन में डिजिटल अरेस्ट , साइबर ठगी के 4 केस, युवा से बुजुर्ग तक सब निशाने पर

राजधानी में साइबर ठगों ने एक ही दिन चार अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपए की ठगी कर ली। कहीं डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया गया, कहीं फर्जी लिंक भेजे गए, तो कहीं दोगुना पैसा कमाने और ऑनलाइन टास्क का लालच दिया गया। सभी पीड़ित अलग-अलग उम्र, पेशे और इलाकों से हैं। वारदात के शिकार बुजुर्ग से लेकर छात्र तक हुए। यह साफ संकेत है कि साइबर फ्रॉड किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रहा। जरा-सी चूक, बिना जांचे लिंक पर क्लिक या अनजान कॉल भारी नुकसान करा सकता है। केस-1 कोलार: रिटायर्ड कर्मी से तीन लाख रुपए ट्रांसफर कराए
कोलार थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय एमपीईबी से रिटायर्ड कर्मचारी जगन्नाथ राठौर को साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट किया। तीन दिन पहले उन्हें अनजान नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। आरोपी ने खुद को सीबीआई सब इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल नंबर से साइबर फ्रॉड हुआ है। इसी बहाने उन्हें तीन दिनों तक मानसिक दबाव में रखा गया। गुरुवार को आरोपी ने उनसे तीन लाख रुपए एसबीआई खाते में ट्रांसफर करवा लिए। यह खाता किसी मिल्क प्रोडक्ट के नाम से था। केस-2 एमपी नगर: चालान लिंक भेज 2.60 लाख उड़ाए
एमपी नगर थाना क्षेत्र में रिजर्व बैंक के कर्मचारी के साथ साइबर फ्रॉड हुआ। आरोपी ने उन्हें वॉट्सएप पर चालान कटने और भरने की लिंक भेजी थी। जैसे ही पीड़ित गोरव त्रिपाठी (33) ने लिंक खोला, उनके मोबाइल में एक एप डाउनलोड हो गया। उनके खाते से 2 लाख 60 हजार रुपए निकल गए। पुलिस ने बताया कि गोरव के पास सिग्नल जंप करने के चालान कटने की लिंक भेजी गई थी। केस-3 बैरागढ़ : वर्क फ्रॉम होम का टास्क देकर 2.54 लाख उड़ाए
बैरागढ़ में टेलीग्राम पर टास्क पूरे कराने के नाम पर एमबीए की छात्रा से साइबर फ्रॉड हुआ। छात्रा प्रतीका मीना ने पुलिस को मामले का आवेदन दिया था। पुलिस ने जांच के बाद 9 जनवरी को मामला दर्ज किया है। आरोपी इरफान ने प्रतीका से टेलीग्राम पर संपर्क किया था। उसने कहा कि वो उसे वर्क फ्रॉम होम देगा। आरोपी ने प्रतीका को टेलीग्राम पर लिंक के जरिए होटल की रेटिंग कर पैसे कमाने का टास्क दिया था। टास्क के दौरान ही प्रतीका के अकाउंट से आरोपी ने 2 लाख 54 हजार रुपए उड़ा दिए। केस-4 पिपलानी : पैसे दोगुने का लालच देकर 2.87 लाख ट्रांसफर कराए… प्राइवेट नौकरी करने वाली 27 वर्षीय शिखा माया के टेलीग्राम पर मैसेज आया। आरोपी ने उन्हें पैसे दोगुने करने का लालच दिया। कुछ पैसे वापस भी लौटाए। इसके बाद उनसे 5 से 6 बार में 2 लाख 87 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *