जलालाबाद के गांव बल्लूआना में आम इजलास के दौरान नशे के मुद्दे पर विवाद होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पंचायत सेक्रेटरी निशा और सरवन सिंह ने मीटिंग बीच में ही छोड़ दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पंचायत सेक्रेटरी सरवन सिंह का कहना है कि नशे के मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया, जिससे माहौल बिगड़ने लगा। उन्होंने दावा किया कि कोई प्रस्ताव न तो पारित किया गया और न ही लिखा गया। दूसरी ओर, गांव के पूर्व सरपंच और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरपंच और सदस्यों की मौजूदगी में कई प्रस्ताव रजिस्टर में दर्ज किए गए थे। जब उन्होंने पंचायत सेक्रेटरी से प्रस्तावों को पढ़कर सुनाने को कहा, तो वे मीटिंग छोड़कर चले गए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उनके गांव में पंचायत सेक्रेटरी निशा ही आए थे l जबकि पंचायत सेक्रेटरी सरवन सिंह की उनके गांव में कोई ड्यूटी नहीं है। जलालाबाद के बीडीपीओ गुरजिंदर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उक्त अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की गई है जिसमें उनके द्वारा जांच की जा रही है।


