केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के मार्गदर्शन में देश भर में जल संरक्षण की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरत सेवा समिति के सहयोग से पांचला खुर्द के बहाव क्षेत्र में रिचार्ज बोरवेल बनाकर वर्षा के पानी को जमीन में उतारने के लिए कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में जल संकट से निपटने व धरती को पुनः जल संपन्न बनाने की ओर कदम बढ़ाते हुए रिवर्स बोर के माध्यम से बरसात का पानी पुनः जमीन में भरने के उद्देश्य से “कर्म भूमि से जन्मभूमि” की ओर जल संचयन अभियान के तहत पांचला खुर्द में वाटर रिचार्ज बोरवेल का कार्य सूरत के उद्यमी श्यामसुंदर राठी व दिनेशसिंह राजपुरोहित आदि की प्रेरणा से सरपंच उषा चौधरी,समाजसेवी जोगाराम सारण की अगुवाई में भूमि पूजन कर ग्राम वासियों की उपस्थिति में शुरू किया गया । मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जल संचय संवाद में उपस्थित रहे समस्त महाजन के राज्य समन्वयक “प्राणी मित्र” हरनारायण सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, संगठनों को इस कार्य के लिए आगे आने की अपील की थी। अब इस कार्य में प्रवासी राजस्थानियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। साथ ही सोनी ने कहा कि जल को बचाया जा सकता है, बनाया नहीं जा सकता। इस परियोजना के अंतर्गत वर्षा जल को संग्रहित करने के लिए गांव गांव वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे जिससे भूमिगत जल स्तर बढ़ने के साथ ही कृषि और पीने योग्य मीठे पानी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। इस अवसर पर समाजसेवी ओमप्रकाश चौधरी, गिरधारीराम कड़वासरा, विशनाराम मेघवाल, चनणराम चौधरी, दीपाराम लुखा, मानाराम कड़वासरा, ओमप्रकाश गोदारा सहित कई ग्राम वासी उपस्थित रहे।


