जल संरक्षण के लिए कारूण्डा में निकली यात्रा:1.78 करोड़ के काम पूरे, 1.59 करोड़ के और होंगे; 14 गांवों में बनेंगे तालाब और चेक डैम

प्रतापगढ़ में जल संरक्षण को लेकर भू-संसाधन विभाग भारत सरकार और जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग राजस्थान सरकार ने जलग्रहण यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा पंचायत समिति छोटीसादड़ी में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत ग्राम पंचायत कारूण्डा पहुंची। जिला नोडल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस परियोजना में पांच ग्राम पंचायतों – कारूण्डा, गागरोल, नाराणी, केसुन्दा और सेमरड़ा के 14 गांव शामिल हैं। कुल 4982 हेक्टेयर क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए विभिन्न निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें 3 अमृत सरोवर, 10 एनीकट, 7 पक्का चेक डैम, 2 सीसीटी, 4 रिचार्ज शाफ्ट और 2 सनकन पोंड शामिल हैं। 178.75 लाख रुपए के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। आने वाले समय में 159 लाख रुपए के और काम होंगे। कार्यक्रम में जलग्रहण की वैन और टीवी शो के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। उपखंड अधिकारी छोटीसादड़ी यतेंद्र पोरवाल ने स्थानीय लोगों को जल संरक्षण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने कहा कि इन कार्यों से भू-जल स्तर में सुधार होगा। इससे पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान एनीकट कम काजवे कारूण्डा में श्रमदान किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों को निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता में सम्मानित किया गया। राजीविका, आंगनवाड़ी और स्थानीय महिलाओं ने कलश यात्रा में हिस्सा लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *